जमुई में जुआ खेलते पकड़े गए 2 शिक्षक, पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप, 4 गिरफ्तार

गिरफ्तार दोनों शिक्षकों की तस्वीर
Bihar News: जमुई के खैरा में पुलिस ने जुआ खेलते चार लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है, जिनमें दो सरकारी शिक्षक भी शामिल हैं. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
Bihar News: जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में दो सरकारी शिक्षक भी शामिल हैं. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.
शिव मंदिर के पीछे चल रहा था जुए का अड्डा
पुलिस को सूचना मिली थी कि खैरा शिव मंदिर के पीछे कचरा प्रसंस्करण इकाई के पास जुआ खेला जा रहा है. इसके बाद थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने टीम के साथ छापेमारी कर चारों आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में दो शिक्षक शामिल
गिरफ्तार लोगों में उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिंगारपुर के शिक्षक संजय यादव और उत्क्रमित मध्य विद्यालय नोनियाटांड़ के शिक्षक शिवकुमार शर्मा शामिल हैं. इनके अलावा खैरा निवासी दीपक मिश्रा और पप्पू साव को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.
काफी समय से चल रही थी अवैध गतिविधि
थाना प्रभारी मिंटू कुमार सिंह के अनुसार, यह जुआ का अड्डा लंबे समय से गुपचुप तरीके से संचालित हो रहा था. गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया.
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि जिन शिक्षकों पर बच्चों को नैतिकता और अनुशासन सिखाने की जिम्मेदारी होती है, उनका इस तरह गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होना बेहद शर्मनाक है. इस घटना ने शिक्षा विभाग की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
(जमुई से पंकज कुमार सिंह की रिपोर्ट)
Also Read: बिहार में आग उगल रहा आसमान, 14 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




