बिहार में आग उगल रहा आसमान, 14 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?

Updated:
विज्ञापन
bihar heatwave news

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Heatwave Alert: बिहार में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. 14 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी है और तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जबकि अगले एक हफ्ते तक राहत के आसार नहीं हैं.

विज्ञापन

Bihar Heatwave Alert: मौसम विभाग ने बिहार के 14 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में दिन के समय गर्म हवाएं चलने की संभावना है. अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर या सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल राज्य को अगले 7 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है.

बक्सर में रिकॉर्ड टूटने से बाल-बाल बचा

गर्मी का सबसे तेज असर बक्सर जिले के डुमरांव में देखने को मिला, जहां बुधवार को पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यह अप्रैल महीने के अब तक के ऐतिहासिक रिकॉर्ड 44.5 डिग्री (30 अप्रैल 2016) से सिर्फ 0.1 डिग्री कम रहा. हैरानी की बात यह है कि इस बार इतनी भीषण गर्मी अप्रैल के शुरुआती चरण में ही देखने को मिल रही है.

पछुआ हवा और नमी की कमी से बढ़ा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय बिहार में शुष्क पश्चिमी हवाओं का प्रभाव है. वातावरण में नमी की कमी और तेज धूप के कारण जमीन तेजी से गर्म हो रही है. पछुआ हवाओं की वजह से गर्मी और अधिक बढ़ गई है, जिससे दिन के तापमान में लगातार उछाल देखा जा रहा है.

बारिश की संभावना नहीं, राहत के आसार कम

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल बारिश या आंधी-तूफान की कोई संभावना नहीं है. ऐसे में तापमान में तत्काल गिरावट की उम्मीद भी नहीं है. विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और धूप से पूरी तरह सुरक्षा बरतने की सलाह दी है.

पटना में 41 से 43 डिग्री तक रहेगा पारा

पटना में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. अगले कुछ दिनों में यहां तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है.

अप्रैल 2026 बन सकता है सबसे गर्म महीना

पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों के अनुसार बिहार में अप्रैल महीने में कई बार तापमान 42 से 44 डिग्री तक पहुंचा है. लेकिन इस बार अप्रैल के तीसरे सप्ताह में ही बक्सर का तापमान 44.4 डिग्री तक पहुंचना असामान्य माना जा रहा है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो अप्रैल 2026 पिछले पांच वर्षों का सबसे गर्म अप्रैल साबित हो सकता है.

Also Read: गया में भीषण आग से तबाही, 1000 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों की मेहनत बर्बाद

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन