हाजीपुर: मारपीट देखने रुका युवक बना हमले का शिकार, इलाज के दौरान मौत; गांव में तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

मौके पर भाड़ी संख्या में पुलिस बल | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर के दिग्घी कला पूर्वी गांव में मारपीट देखने रुके जितेंद्र कुमार पर एक पक्ष ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने भारी संख्या में बल तैनात किया है।
Hajipur Crime News : वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित दिग्घी कला पूर्वी गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चाकू लगने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. युवक की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है. एहतियात के तौर पर पुलिस ने गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है. पुलिस पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
मारपीट देखने रुका था युवक, दूसरे पक्ष का समझकर किया हमला
जानकारी के अनुसार 14 जुलाई को दिग्घी पूर्वी टोला में दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही थी. उसी दौरान गांव निवासी जितेंद्र कुमार, जो कल्लू दास का पुत्र था, वहां से गुजर रहा था. वह विवाद देखने के लिए कुछ देर रुक गया. आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने उसे दूसरे पक्ष का व्यक्ति समझ लिया और चाकू से हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
पीएमसीएच में तीन दिन बाद तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल जितेंद्र कुमार को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था.
गांव में बढ़ा तनाव, पुलिस बल की तैनाती
युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया. स्थिति की जानकारी मिलते ही सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रख रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.
दो नामजद समेत तीन अज्ञात के खिलाफ केस
पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर दो नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
पुलिस क्या कहती है?
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मारपीट के दौरान घायल हुए युवक की इलाज के दौरान पीएमसीएच में मौत हो गई है. परिजनों के बयान के आधार पर दो नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhishek Kumar
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










