हाजीपुर में खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, तीनों अनुमंडलों में छापामारी दल गठित
समाहरणालय, हाजीपुर
जिला प्रशासन खरीफ मौसम में किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता और निर्धारित मूल्य पर बिक्री सुनिश्चित कराने के लिए सख्त निगरानी रख रहा है. कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ तीनों अनुमंडलों में छापामारी दल गठित किए गए हैं.
Hajipur Fertilizer Black Marketing: खरीफ मौसम में किसानों को उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने, निर्धारित मूल्य पर बिक्री कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की है. उर्वरकों की कृत्रिम कमी, जमाखोरी, अवैध भंडारण, अधिक कीमत पर बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिले के तीनों अनुमंडलों में छापामारी दल गठित किए गए हैं. किसानों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है.
तीनों अनुमंडलों में गठित किए गए छापामारी दल
हाजीपुर, महुआ और महनार अनुमंडल में गठित छापामारी दलों का नेतृत्व संबंधित अनुमंडल कृषि पदाधिकारी करेंगे. दल में संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी और कृषि समन्वयक शामिल रहेंगे. ये टीमें अपने-अपने क्षेत्र में उर्वरक विक्रेताओं और प्रतिष्ठानों का नियमित एवं सघन निरीक्षण करेंगी.
जांच के दौरान सामने आने वाली अनियमितताओं की रिपोर्ट उसी दिन जिला कृषि पदाधिकारी को उपलब्ध करानी होगी. उर्वरक की कृत्रिम कमी पैदा करने, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने, अवैध रूप से भंडारण करने, जमाखोरी या तस्करी में संलिप्त विक्रेताओं एवं प्रतिष्ठानों के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी.
अनियमितता पर जीरो टॉलरेंस की नीति
कृषि विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी स्तर पर अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. छापामारी दलों से प्राप्त जांच प्रतिवेदनों के आधार पर भी आवश्यक प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
शिकायत के लिए चार नंबर जारी
उर्वरक की उपलब्धता, कीमत या बिक्री से जुड़ी शिकायतों के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. किसान अपनी शिकायत या आवश्यक जानकारी के लिए 8102071283, 6299766606, 8210148502 और 7979066021 पर संपर्क कर सकते हैं. नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों का पंजी संधारित किया जाएगा और प्रतिदिन समीक्षा कर उनके त्वरित निष्पादन की कार्रवाई होगी.
अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद खरीदने की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक की खरीद केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही करें. यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि ली जाती है या कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अन्य अनियमितता की जाती है तो इसकी सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष या कृषि विभाग को दें. प्रशासन ने कहा है कि ऐसी शिकायतों पर संबंधित दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











