हाजीपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सम्मानित

Updated:
विज्ञापन

समारोह के दौरान शिक्षक, छात्र-छात्राएं व अन्य

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत हाजीपुर के शाहमियां रोहुआ में संकल्प सभा का आयोजन हुआ. इस दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों पर चित्रकला, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया.

विज्ञापन

Hajipur child marriage free india: स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त तत्वावधान में उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहमियां रोहुआ में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत संकल्प सभा सह पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार सिन्हा ने की, जबकि संचालन अधिकार मित्र संतोष कुमार एवं शिक्षक विनोद कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया.

चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता से दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं खुशी गोस्वामी, प्रीति कुमारी, अंशिका कुमारी, वंदना भारती, सोनी कुमारी एवं सोनाक्षी कुमारी को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं, सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया.

वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत का लक्ष्य

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के निदेशक एवं संस्थान के सचिव डॉ. सुधीर कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि बच्चों में सामाजिक सरोकार, रचनात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना है. उन्होंने वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी हितधारकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया.

शिक्षा और जागरूकता से खत्म होगी सामाजिक कुरीति

अधिकार मित्र संतोष कुमार ने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है. इसके उन्मूलन के लिए कानून के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी और निरंतर जनजागरूकता आवश्यक है. उन्होंने विद्यालयों को इस अभियान का प्रभावी माध्यम बताया.

प्राचार्य राजकुमार सिन्हा ने कहा कि शिक्षा ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया.

बाल विवाह उन्मूलन का लिया सामूहिक संकल्प

समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बाल विवाह उन्मूलन एवं बच्चों के अधिकारों की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया. साथ ही "बाल विवाह मुक्त भारत" अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली.

इसे भी पढ़ें: Bihar Weather Alert: 9 अगस्त को बिहार के इन जिलों में बारिश, बिजली और तेज हवा की चेतावनी, IMD ने क्या बताया


विज्ञापन
राहुल कुमार राय

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार राय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन