hajipur news.बाइक की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत, विरोध में सड़क किया जाम

पातेपुर थाना क्षेत्र के महुआ-पातेपुर मार्ग में मजहराबाद में हादसा, महजराबाद गांव निवासी योगेंद्र सिंह की 60 वर्षीय पत्नी जितनी देवी के रूप में हुई पहचान
हाजीपुर/पातेपुर . पातेपुर थाना क्षेत्र के पातेपुर-महुआ मार्ग स्थित मजहराबाद गांव में तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतका महजराबाद गांव निवासी योगेंद्र सिंह की 60 वर्षीय पत्नी जितनी देवी बतायी गयी है. घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पातेपुर पीएचसी में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टर ने प्राथमिकी उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इधर घटना से आक्रोशित लोगों ने घटना स्थल के पास बांस बल्ला लगाकर महुआ-पातेपुर मार्ग को जाम कर दिया. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग मुआवजा की मांग को लेकर डटे थे. जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम पांच बजे के करीब पातेपुर थाना क्षेत्र के मजहराबाद गांव में मकुंदपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रही एक वृद्ध महिला योगेंद्र सिंह की पत्नी जितनी देवी को जोरदार टक्कर मार दी. ठोकर लगते ही महिला हवा में उछल कर सड़क पर गिर गयी, जिससे उसकी मौत मौके पर ही हो गयी. वहीं, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल बाइक चालक पास के गांव के उसरार टोला का बताया गया है. घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा करने लगे. मौके पर जुटे लोगों ने घटना की सूचना पातेपुर थाना की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह तथा एसआई मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने. बताया गया कि स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मामले को आपसी समझौता से सुलह कराने में जुटे थे. इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि मजहराबाद में बाइक की ठोकर से एक महिला की मौत हो गयी है. पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने में जुटी है. आपसी समझौता कराया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




