ओडिशा में करंट लगने से वैशाली के मजदूर की मौत, गांव पहुंचा शव तो मच गई चीख-पुकार

रोते बिलखते परिजन व जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network
ओडिशा के झारसुगुड़ा में काम कर रहे वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के प्रवासी मजदूर मुकेश कुमार की करंट लगने से दुखद मौत हो गई. बुधवार को निर्माणाधीन भवन में हाई वोल्टेज बिजली की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. गुरुवार को जब उनका शव गांव पहुंचा, तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
Hajipur News : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के चांदपुरा सैदावाद गांव निवासी एक प्रवासी मजदूर की ओडिशा के झारसुगुड़ा में काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई. गुरुवार को जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई. घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे.
निर्माणाधीन भवन में काम के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान चांदपुरा सैदावाद गांव निवासी सुबेदार सिंह उर्फ बुटन सिंह के 35 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार ओडिशा के झारसुगुड़ा में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. बुधवार को वह एक निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे थे. इसी दौरान वह हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गए, जिससे गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. गुरुवार को शव गांव पहुंचने के बाद पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और आठ वर्षीय एक पुत्र छोड़ गए हैं. परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा मुकेश ही थे.
ग्रामीणों ने जताया शोक
घटना पर स्थानीय मुखिया सोमा कुमारी, समाजसेवी नरेश ठाकुर, सरोज कुमार निराला, ललन पासवान समेत कई लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










