महुआ में 15 लाख की चोरी का खुलासा, मां-बेटे समेत चार गिरफ्तार, चोरी के सामान भी बरामद

Updated:
विज्ञापन

पीसी करते एसडीपीओ सह एएसपी | Prabhat Khabar Network

महुआ के मिर्जानगर में हुई 15 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मां-बेटे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

विज्ञापन

Hajipur News : महुआ थाना क्षेत्र के मिर्जानगर पहाड़पुर गांव में बंद घर से हुई करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति चोरी के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है. एसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मां-बेटे समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में देसरी के दो आभूषण दुकानदार भी शामिल हैं. पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी का काफी सामान बरामद किया है.

शुक्रवार को महुआ थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महुआ एसडीपीओ सह एएसपी संजीव कुमार ने बताया कि मिर्जानगर पहाड़पुर गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गयी.

गांव से मां-बेटे गिरफ्तार

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव से ही चोरी के सामान के साथ मां-बेटे को गिरफ्तार किया. पुलिस ने पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर देसरी में छापेमारी की. वहां चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में दो दुकानदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. पूछताछ के दौरान दोनों दुकानदारों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिलीप साह, अजय कुमार, सुधीर कुमार और रीता देवी के रूप में हुई है.

सोने-चांदी के आभूषण समेत सामान बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन, गैस सिलेंडर, कैमरा, साउंड बॉक्स, एम्प्लीफायर और पांच स्पीकर समेत कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किये हैं. बरामद सभी सामान को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है. पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है.

छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

छापेमारी टीम में महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद, सब इंस्पेक्टर सोनू गुप्ता, प्रियंका कुमारी, राहुल कुमार, पूजा कुमारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी के मामले में आगे भी जांच जारी है.


विज्ञापन
दिलीप कुमार

लेखक के बारे में

By दिलीप कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन