Hajipur News : महुआ में शिक्षक से तीन लाख रुपये की लूट

महुआ थाना क्षेत्र के महुआ ताजपुर मार्ग स्थित कुशहर चौक से महज 100 मीटर आगे बाइक सवार बदमाश एक शिक्षक से तीन लाख रुपये लूट कर ताजपुर की ओर फरार हो गये. पीड़ित शिक्षक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस बदमाशों के भागने की दिशा में छापेमारी कर रही है.
हाजीपुर. महुआ थाना क्षेत्र के महुआ ताजपुर मार्ग स्थित कुशहर चौक से महज 100 मीटर आगे बाइक सवार बदमाश एक शिक्षक से तीन लाख रुपये लूट कर ताजपुर की ओर फरार हो गये. पीड़ित शिक्षक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस बदमाशों के भागने की दिशा में छापेमारी कर रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम महुआ थाने के खिराचक गांव निवासी शिक्षक चतुर्भुज प्रसाद हाजीपुर स्टेट बैंक से तीन लाख रुपये की निकासी कर घर लौट रहे थे. बस से कुशहर चौक पर उतरने के बाद हाथ में रुपये से भरा थैला लेकर जा रहे थे. इसी दौरान किशोर चौक से 100 मीटर आगे कबाड़ी दुकान के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाश हथियार के बल पर शिक्षक से रुपये से भरा थैला लूट कर ताजपुर की ओर फरार हो गये. शिक्षक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गये. स्थानीय लोगों के सहयोग से पीड़ित शिक्षक ने इसकी सूचना महुआ थाने की पुलिस को दी. थानाध्यक्ष सुभाष प्रसाद ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की़ थानाध्यक्ष ने बताया कि महुआ-ताजपुर मार्ग पर अज्ञात बदमाश शिक्षक से तीन लाख रुपये लूट कर फरार हो गये. शिक्षक हाजीपुर स्टेट बैंक से पैसा निकासी कर पैदल ही घर लौट रहे थे. इस संबंध में महुआ एसडीपीओ सूरभ सुमन ने बताया कि बस से उतर कर पैसा लेकर जा रहे एक शिक्षक से बाइक सवार बदमाश थैला झपट कर फरार हो गये हैं. इस मामले में पीड़ित शिक्षक ने काफी देर बाद घटना की सूचना पुलिस को दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गोरौल में सीएसपी से डेढ़ लाख रुपये की लूट
गौरौल. गोरौल थाना क्षेत्र के गोढ़ियां हाट चौक के समीप बुधवार को मध्याह्न करीब साढ़े 12 बजे दो बदमाशों ने पिस्टल का भय दिखाकर पंजाब नेशनल बैंक के सीएसपी से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिया. सीएसपी में लूट की घटना की सूचना मिलते ही गोरौल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी. घटना की सूचना पर महुआ एसडीपीओ भी मौके पर पहुंच गयी. लूट की पूरी घटना सीएसपी के अंदर लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. दोनों बदमाश टीनएजर्स बताये गये हैं. दोनों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मास्क लगा रखा था. जानकारी के अनुसार गोरौल थाना क्षेत्र के हरशेर निवासी सूरज कुमार की गोढ़िया हाट चौक के समीप साहू मार्केट में पीएनबी का ग्राहक सेवा केंद्र है. बुधवार को मध्याह्न करीब साढ़े 12 बजे दो अपराधी सीएसपी के अंदर घुसते हैं. अंदर घुसते ही एक अपराधी ने पिस्टल निकाल कर वहां बैठी एक महिला ग्राहक व दो बच्चों को धमकाते हुए शांत रहने का इशारा किया. इसके बाद काउंटर पर बैठे संचालक को पिस्टल का भय दिखाकर रुपये मांगने लगे. इसी दौरान एक अन्य अपराधी ने जब काउंटर के अंदर घुसने की कोशिश की, तो संचालक अंदर से दरवाजा बंद करने लगा, लेकिन पिस्टल का भय दिखाकर अपराधियों ने उसे बाहर निकालकर कोने में खड़ा करा दिया. इसके बाद एक अपराधी अंदर गया और थैला में रुपये लेकर बाहर निकला. इसी दौरान एक युवक व महिला ग्राहक सीएसपी के अंदर घुसी तो अपराधी ने उन्हें भी पिस्टल का भय दिखाकर शांत करा दिया. रुपये लूटने के बाद दोनों अपराधी वहां से भाग निकले. पूरा घटनाक्रम सीएसपी के अंदर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया. अपराधियों के भागने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रौशन कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, अवर निरीक्षक अभय कुमार मौके पर पहुंच गये. घटना की सूचना पर महुआ एसडीपीओ ने भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. इस संबंध में एसडीपीओ सुरभ सुमन ने भी टीनएजर्स अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है. जल्द ही इस घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




