हाजीपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, चार माह में 1.27 करोड़ रुपये का चालान

Hajipur Traffic News: हाजीपुर में ट्रैफिक पुलिस ने जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच 7534 वाहनों का चालान काटकर 1.26 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला. हाईवे और शहर में विशेष वाहन जांच अभियान लगातार जारी है.
Hajipur Traffic News: (गोपाल कुमार राय) हाजीपुर में सड़क हादसों में कमी लाने और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वैशाली जिले में ट्रैफिक पुलिस लगातार सघन वाहन जांच अभियान चला रही है. ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीते चार माह में 1 करोड़ 26 लाख 67 हजार 500 रुपये का चालान काटा है. यह कार्रवाई एचएचडी मशीन और एचपीवी वैन के माध्यम से की गई है.
चार माह में वसूला गया 1.26 करोड़ से अधिक जुर्माना
ट्रैफिक विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 1.26 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया.
जनवरी में ट्रैफिक पुलिस ने 2.62 लाख रुपये तथा एचपीवी वैन ने 16.66 लाख रुपये का चालान काटा.
फरवरी में पुलिस ने 10.13 लाख रुपये और एचपीवी वैन ने 20.83 लाख रुपये का चालान किया.
मार्च में ट्रैफिक पुलिस ने 10.71 लाख रुपये तथा एचपीवी वैन ने 27.15 लाख रुपये का चालान काटा.
अप्रैल में पुलिस ने 7.49 लाख रुपये और एचपीवी वैन ने 31.12 लाख रुपये का जुर्माना वसूला.

पांच प्रमुख स्थानों पर चल रहा जांच अभियान
एएसपी ट्रैफिक प्रेमसागर ने बताया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पांच प्रमुख प्वाइंटों पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इनमें रामाशीष चौक, नया गंडक पुल रोड, पासवान चौक, पुराना टोल प्लाजा और पुराना गंडक पुल रोड शामिल हैं.
इसके अलावा स्टेशन चौक, गांधी चौक, त्रिमूर्ति चौक और गुदरी जैसे व्यस्त इलाकों में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.
7534 वाहनों का काटा गया चालान
जनवरी से अप्रैल के बीच कुल 7534 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई. बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 186 बाइक चालकों से 1.86 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया. वहीं अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामलों में 1797 वाहन चालकों से 29.05 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया.
ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग पर भी कार्रवाई
एएसपी ने बताया कि चालान काटने के साथ-साथ लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है. इसके बावजूद कई वाहन चालक सीट बेल्ट, हेलमेट और अन्य नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं. पुलिस ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई कर रही है.

सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर
ट्रैफिक विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा. नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके.
Also Read : हाजीपुर में विवाहिता की हत्या के 4 दिन बाद अधजला शव बरामद, परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Pandey
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 7 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 न्यूज़ चैनल से की. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में कार्यरत हैं.
बिहार की राजनीति, प्रशासन, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग करते हैं. राज्य की राजनीतिक गतिविधियों, नीतिगत फैसलों और उनके आम लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव का विश्लेषण करना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. इसके साथ ही वे कृषि, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










