जहांगीरपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में तीन घर जलकर राख

Hajipur News: जहांगीरपुर में लाखों की संपत्ति स्वाहा, ग्रामीणों की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
(राघोपुर से अभिषेक शाश्वत की रिपोर्ट)
Hajipur News: राघोपुर प्रखंड के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 7 में रविवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग में तीन घर जलकर राख हो गए. आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने मोटर पंप, चापाकल और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.
देखते ही देखते तीन घरों तक पहुंची आग
जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी तेजन राय के घर में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बगल के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में तीनों घर धू-धू कर जलने लगे.
तीन परिवारों का भारी नुकसान
आगलगी की इस घटना में तेजन राय (पिता- गणेश राय), दीनानाथ कुमार राय तथा तेतर राय (दोनों पिता- तेजन राय) के घर पूरी तरह जल गए. आग में घर में रखा चौकी, खटिया, कुर्सी, टेबल, बक्सा, कपड़े, नगद राशि, गेहूं, चावल, भूसा, खाद्य सामग्री सहित अन्य घरेलू सामान एवं महत्वपूर्ण कागजात जलकर नष्ट हो गए.
दमकल पहुंचने से पहले जल चुका था सामान
घटना की सूचना रुस्तमपुर थाना एवं अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था. स्थानीय लोगों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
पीड़ित परिवारों ने की सहायता की मांग
आग की इस घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
Also Read : शिवराजपुर हत्याकांड: नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










