गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर फूटा लोगों का गुस्सा, हाजीपुर-महुआ रोड किया जाम

Updated:
विज्ञापन
गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर फूटा लोगों का गुस्सा, हाजीपुर-महुआ रोड किया जाम

Hajipur News: हाजीपुर के शुभई चौक पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रशासन द्वारा पर्याप्त एलपीजी स्टॉक और नियमित आपूर्ति के दावों के बीच सड़क जाम से यातायात प्रभावित रहा. पुलिस और गैस एजेंसी के हस्तक्षेप के बाद करीब एक घंटे में स्थिति सामान्य हुई.

विज्ञापन

Hajipur News:(गोपाल कुमार राय) वैशाली जिले में घरेलू एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन जहां पर्याप्त स्टॉक, नियमित डिलीवरी और कड़ी निगरानी का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने सोमवार को हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग जाम कर प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर दिए.

जिले में 8 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति का दावा

जिला आपूर्ति कार्यालय के अनुसार जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 67 गैस एजेंसियों के माध्यम से 8,06,738 घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति की जा रही है. विभागीय आंकड़ों के मुताबिक 5 जून 2026 तक एजेंसियों के पास 14 हजार एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था. वहीं 6 जून को 13,399 गैस बुकिंग प्राप्त हुईं, जबकि 13,546 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई.

कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी का दावा

प्रशासन का कहना है कि जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. साथ ही नियमित निरीक्षण भी किए जा रहे हैं. अब तक कालाबाजारी के मामलों में तीन प्राथमिकी भी दर्ज की जा चुकी हैं.

शुभई चौक पर सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

इसके बावजूद सदर थाना क्षेत्र के शुभई चौक के पास गैस सिलेंडर नहीं मिलने से उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में ग्रामीण और उपभोक्ता सड़क पर उतर आए तथा हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि लंबे समय से बुकिंग और नंबर लगाने के बावजूद उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. साथ ही गैस वितरण वाहन समय पर नहीं पहुंचने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

एक घंटे तक बाधित रहा यातायात

सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. भीषण गर्मी में यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी. कई आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंसे रहे.

पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों से बातचीत की. पुलिस अधिकारियों ने गैस एजेंसी प्रबंधन से संपर्क कर जल्द सिलेंडर आपूर्ति कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद गैस वितरण वाहन पहुंचने पर लोगों का आक्रोश शांत हुआ और करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त करा दिया गया.

सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि गैस सिलेंडर को लेकर स्थानीय लोगों के बीच कुछ भ्रम की स्थिति थी. एजेंसी प्रबंधन से बातचीत के बाद स्थिति स्पष्ट की गई और गैस की गाड़ी पहुंचने पर जाम समाप्त करा दिया गया.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: काम कर लौट रहे दो लोगों की मौत, 9 घायल

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन