वैशाली के साइन बाजार में फायरिंग से दहशत, जर्जर सड़क को लेकर धान रोपनी विरोध प्रदर्शन के बाद पहुंचे थे बाइक सवार युवक

साइन बजार में फायरिंग की जांच करती पुलिस टीम
हाजीपुर के साइन बाज़ार में जर्जर सड़क के विरोध प्रदर्शन के बाद शाम को हुई फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी है. बाइक सवार तीन युवकों ने दहशत फैलाने की कोशिश की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Hajipur News: बेलसर थाना क्षेत्र के साइन बाजार होकर रसूलपुर जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के कुछ घंटे बाद साइन बाजार में फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई. रविवार की शाम बाइक सवार तीन युवकों ने बाजार में गोली चलाकर दहशत फैलाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. संयोगवश फायरिंग के समय बेलसर थाना की डायल-112 पुलिस वाहन साइन बाजार से गुजर रही थी. गोली चलने की आवाज सुनते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल बदमाशों का पीछा शुरू किया, लेकिन विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन के कारण आरोपी भागने में सफल रहे.
जर्जर सड़क को लेकर हुआ था विरोध प्रदर्शन
इससे पहले रविवार की दोपहर स्थानीय दो युवकों ने करीब दस वर्षों से जलजमाव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर सड़क पर धान का बिचड़ा रोपकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया था. विरोध की सूचना मिलने पर साइन पंचायत के पूर्व समिति सदस्य उमेश पटेल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे युवाओं को समझाने का प्रयास किया. उन्होंने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने वाला है. इस दौरान कुछ युवक उत्तेजित हो गए, जिससे मौके पर काफी देर तक बहस होती रही.
फायरिंग के बाद बाजार में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी घटनाक्रम के बाद शाम में एक बाइक पर सवार तीन युवक साइन बाजार पहुंचे और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग कर फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. दुकानदारों और राहगीरों में भय का माहौल बन गया. घटना के बाद बेलसर पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है. पुलिस आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान की जा सके.
विरोध प्रदर्शन से जोड़कर भी हो रही जांच
पुलिस पूरे घटनाक्रम को सड़क पर धान रोपनी कर किए गए विरोध प्रदर्शन से जोड़कर भी जांच कर रही है. मामले के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है. बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. फिलहाल जांच प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उन्होंने घटना के संबंध में अधिक जानकारी देने से इंकार किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










