झमाझम बारिश से किसानों के खिले चेहरे, धान की रोपाई ने पकड़ी रफ्तार

रोपाई के लिए बिचड़ा उखाड़ते किसान
Hajipur News : हाजीपुर क्षेत्र में देर रात से हो रही बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है. सूखे खेतों में पानी भरने से धान की रोपाई का काम तेजी से शुरू हो गया है. हालांकि, मजदूरों की कमी एक नई समस्या के रूप में सामने आई है.
Hajipur News : प्रखंड क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में शनिवार देर रात से हो रही झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है. पिछले कई दिनों से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान धान की रोपाई नहीं कर पा रहे थे. बारिश के बाद अब खेतों में पर्याप्त पानी भर गया है और किसान सुबह से ही तैयार बिचड़ों की रोपाई में जुट गए हैं.
बारिश नहीं होने से प्रभावित थी धान की रोपाई
लगातार बारिश नहीं होने के कारण अधिकांश किसानों के खेत सूखे पड़े थे. केवल करीब 10 प्रतिशत किसानों ने बोरिंग के सहारे अपने खेतों में धान की रोपाई की थी, जबकि सिंचाई की सुविधा नहीं होने के कारण अधिकांश किसान रोपाई का कार्य शुरू नहीं कर पा रहे थे. शनिवार देर रात शुरू हुई झमाझम बारिश ने किसानों की चिंता काफी हद तक दूर कर दी है.
खेतों में शुरू हुआ बिचड़ों का रोपण
बारिश के बाद किसान तैयार धान के बिचड़ों को खेतों में लगाने में जुट गए हैं. खेतों में पर्याप्त पानी आने से रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है. किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो धान की रोपाई समय पर पूरी हो जाएगी.
मजदूरों की कमी बनी नई चुनौती
एक ओर बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी लौटी है, वहीं दूसरी ओर मजदूरों की कमी नई समस्या बनकर सामने आई है. प्रखंड के गौसपुर ईजरा गांव के किसान विक्की कुमार, सुभाष राय, नवल किशोर राय सहित कई किसानों ने बताया कि दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद सभी किसानों ने एक साथ धान की रोपाई शुरू कर दी है. इससे खेतों में काम करने के लिए मजदूरों की कमी महसूस हो रही है और समय पर श्रमिक नहीं मिल पा रहे हैं.
अच्छी फसल की जगी उम्मीद
किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से इस वर्ष अच्छी धान की फसल की उम्मीद बढ़ गई है. यदि मौसम का यही मिजाज बना रहा तो खेती-किसानी को काफी लाभ मिलेगा और उत्पादन भी बेहतर होने की संभावना है.
Also Read : मैट्रिक-इंटर 2027 के पंजीयन से वंचित छात्रों को अंतिम मौका, आज जमा करें विलंब शुल्क
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











