हाजीपुर की दो बड़ी वारदातों का अब तक नहीं हुआ खुलासा, लूटकांड और फायरिंग मामले में पुलिस के हाथ खाली

Author Abhishek Kumar|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Hajipur News : हाजीपुर में दो गंभीर आपराधिक घटनाओं का एक माह बाद भी खुलासा नहीं हुआ है. डेढ़ करोड़ से अधिक के गहने लूटने और मोबाइल दुकान पर फायरिंग की वारदातों में पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है.

विज्ञापन

Hajipur News : हाजीपुर में हाल के दिनों में हुई दो बड़ी आपराधिक घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है. एक ओर किन्नर से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के गहने और नकदी लूटने का मामला है, वहीं दूसरी ओर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर हुई फायरिंग की घटना. दोनों मामलों में करीब एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है.

किन्नर से डेढ़ करोड़ से अधिक के गहने और नकदी की हुई थी लूट

सदर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट के समीप 12 जून की रात महुआ थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी सपना किन्नर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद लूट लिए गए थे. बताया गया कि सपना किन्नर अखिल भारतीय किन्नर सम्मेलन के लिए विभिन्न राज्यों से प्राप्त आभूषण और नकदी लेकर अपने चालक सौरभ कुमार के साथ पटना से महुआ लौट रही थीं.

केमिकल फेंककर वारदात को दिया था अंजाम

जानकारी के अनुसार रास्ते में स्टेशन चौक के पास लीची खरीदने के लिए गाड़ी रोकते ही बाइक सवार बदमाशों ने कार के इंजन पर कथित रूप से कोई केमिकल फेंक दिया, जिससे इंजन से धुआं निकलने लगा. धुएं के कारण सपना और चालक जैसे ही कार से नीचे उतरे, बदमाश कार में रखा गहनों और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए. घटना के बाद सपना किन्नर ने सदर थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. हालांकि घटना के 39 दिन बाद भी पुलिस किसी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है.

मोबाइल दुकान पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग

दूसरी घटना 21 जून की रात नगर थाना क्षेत्र के जढ़ुआ करणपुरा स्थित हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर हुई थी. यहां एक मोबाइल रिपेयरिंग और सिंगार दुकान पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. घटना के समय दुकानदार दुकान बंद कर रहा था. गोली चलने की आवाज सुनकर वह अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दुकान का काउंटर क्षतिग्रस्त हो गया था.

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, फिर भी नहीं मिली सफलता

फायरिंग की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. इसके बावजूद घटना के करीब एक माह बाद भी नगर थाना पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है. दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी होने की बात कह रही है, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों घटनाओं में जल्द कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जानी चाहिए, ताकि अपराधियों में कानून का भय कायम हो सके.

Also Read : पानापुर में बड़ी चोरी, संयुक्त परिवार के छह कमरों का ताला तोड़ लगभग 20 लाख के गहने और सामान ले उड़े चोर



विज्ञापन
अभिषेक कुमार

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन