वैशाली में डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शुरू, कदाचार रोकने के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू

Author Kaif ahmed|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
वैशाली में डीएलएड परीक्षा शुरू: कड़े सुरक्षा इंतजाम

आर एन कॉलेज की तस्वीर

Hajipur News : वैशाली जिले में डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से शुरू हो गई है. परीक्षा 24 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक चलेगी. प्रशासन ने कदाचार रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं.

विज्ञापन

Hajipur News : वैशाली जिले में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 शुक्रवार से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में शुरू हो गई. संयुक्त आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा 24 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी. परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की है.

दंडाधिकारी, पुलिस बल और प्रेक्षकों की हुई तैनाती

परीक्षा के संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्र प्रेक्षक तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से पहले अपने-अपने केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है. परीक्षा अवधि के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा तथा सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है.

फ्रिस्किंग के बाद ही मिलेगा परीक्षा केंद्र में प्रवेश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और फ्रिस्किंग की जाएगी. प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान-पत्र की जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी, वीडियोग्राफी और जैमर की व्यवस्था की गई है. वहीं, प्रश्नपत्र, ओएमआर शीट और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं.

परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू

परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी. इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों के जमावड़े, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. संबंधित अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी

प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम-से-कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है. साथ ही प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान-पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखने को कहा गया है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना भी आवश्यक होगा.

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित

परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कागज के टुकड़े अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा. परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं और अन्य गोपनीय सामग्रियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से जमा कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं.

Also Read : हाजीपुर में 24 जुलाई को लगेगा सोलर मेला, एक ही जगह मिलेगी आवेदन, लोन और सब्सिडी की सुविधा



विज्ञापन
Kaif Ahmed

लेखक के बारे में

By Kaif Ahmed

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन