हाजीपुर: पटेढ़ी बेलसर में सड़क हादसा, अल्टो कार की टक्कर से पांच वर्षीय मासूम गंभीर घायल

दुर्घटना के बाद जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर के पटेढ़ी बेलसर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मौना-सरैया मार्ग पर अल्टो कार की चपेट में आने से पांच वर्षीय भोलू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Hajipur News : पटेढ़ी बेलसर थाना क्षेत्र के मौना-सरैया मुख्य मार्ग पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में पांच वर्षीय एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा पटेढ़ी भाई खां गांव के समीप उस समय हुआ, जब सरैया की ओर से आ रही एक अल्टो कार की चपेट में बच्चा आ गया. घायल की पहचान गांव निवासी सुनील साह के पुत्र भोलू कुमार (5) के रूप में हुई है.
अचानक वाहन के सामने आ गया बच्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने सड़क किनारे खड़े बच्चे को देखकर वाहन की रफ्तार धीमी कर दी थी. इसी दौरान बच्चा अचानक वाहन की चपेट में आ गया. टक्कर के बाद मासूम कार के अगले हिस्से में फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए.
घायल बच्चे को निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद चालक और कार में सवार अन्य लोग मौके से फरार नहीं हुए. उन्होंने तुरंत वाहन रोककर स्थिति संभालने का प्रयास किया. वहीं परिजन गंभीर रूप से घायल भोलू कुमार को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बेलसर थाना के अवर निरीक्षक मनीष कुमार और शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने कार सवार लोगों को सुरक्षित हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया. इस दौरान आक्रोशित परिजनों ने अल्टो कार को अपने कब्जे में रोक लिया. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. घायल बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी..
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










