हाजीपुर में करोड़ों की चोरी का अब तक खुलासा नहीं, किन्नर समाज का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

Author Abhishek Kumar|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन

प्रदर्शन करते हुए किन्नर | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हाजीपुर में डेढ़ करोड़ के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद चोरी के मामले में दो महीने बाद भी कार्रवाई न होने पर किन्नर समाज का गुस्सा फूट पड़ा. सैकड़ों की संख्या में किन्नरों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.

विज्ञापन

Hajipur News : हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र में एक ट्रांसजेंडर से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद चोरी के मामले में करीब दो महीने बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार को किन्नर समाज का आक्रोश फूट पड़ा. सैकड़ों की संख्या में किन्नरों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गई संपत्ति की बरामदगी की मांग की.

विज्ञापन

चलती गाड़ी रोककर बैग लेकर फरार हुए थे बदमाश

पीड़ित सपना कुमारी द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 12 मई की शाम वह अपने चालक सौरभ कुमार के साथ एक्सयूवी वाहन से पटना से महुआ लौट रही थीं. स्टेशन रोड स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट और पेट्रोल पंप के बीच एक व्यक्ति ने वाहन के रेडिएटर के पास कोई वस्तु फेंकी, जबकि कुछ दूरी पर दूसरे व्यक्ति ने गाड़ी से धुआं निकलने का इशारा किया. चालक के वाहन रोककर बोनट खोलते ही बदमाश बीच वाली सीट पर रखा बैग लेकर फरार हो गए.

बैग में थे डेढ़ करोड़ से अधिक के जेवर और 8.75 लाख नकद

पीड़िता के अनुसार, चोरी हुए बैग में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद थे. उनका कहना है कि यह आभूषण और नकदी उन्हें किन्नर समाज को मिले शगुन के रूप में प्राप्त हुए थे.

कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा आक्रोश

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू करने और जल्द खुलासा करने का दावा किया था. लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो आरोपितों की पहचान हो सकी और न ही चोरी गई संपत्ति बरामद हुई. इससे पहले 18 जून को भी किन्नर समाज ने प्रदर्शन किया था, जिसके बाद प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था.

डीएम से वार्ता के बाद समाप्त हुआ आंदोलन

धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की. शुरुआत में प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी से मिलने की मांग पर अड़े रहे. बाद में किन्नर समाज के पांच प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की. जिला प्रशासन द्वारा मामले के शीघ्र खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन