होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी हमले के बाद समुद्री जहाज से वैशाली का सुमित लापता, परिजनों की बढ़ी चिंता
लापता युवक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र से 35 वर्षीय सुमित कुमार होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री जहाज पर हुए अमेरिकी हमले के बाद से लापता हैं. परिजनों को विभाग से जानकारी नहीं मिलने से चिंता बढ़ गई है.
Youth from Vaishali goes missing : हाजीपुर के भगवानपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर राजाराम गांव निवासी 35 वर्षीय सुमित कुमार होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री जहाज पर हुए अमेरिकी हमले के बाद से लापता हैं. सुमित गांव निवासी दीप नारायण सिंह के पुत्र हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में मायूसी छा गयी है. परिजन विभागीय अधिकारियों और नौसेना के अधिकारियों से संपर्क कर सुमित की जानकारी लेने में जुटे हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मुंबई के लिए रवाना हो गये हैं.
इरानी शिपिंग कंपनी में सह चालक हैं सुमित
सुमित पिछले आठ वर्षों से एक इरानी शिपिंग कंपनी के कार्गो जहाज पर सह चालक के पद पर काम कर रहे हैं. परिजनों के अनुसार, पिछले पांच माह से वह ईरान के ही किसी दूसरे जहाज पर कार्यरत थे. घटना के बाद कंपनी और विभागीय स्तर से स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने के कारण परिजन काफी परेशान हैं.
हमले के दौरान घर पर हुई थी बात
लापता सुमित के ससुर जंदाहा निवासी सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि रविवार की दोपहर सुमित ईरान से मुंबई आ रहे थे. उन्होंने घर पर फोन किया था. बातचीत के दौरान ही जहाज पर हमले की जानकारी मिली. इसके बाद से परिवार के लोगों का सुमित से संपर्क नहीं हो सका है.
परिजनों ने बताया कि विभिन्न टीवी चैनलों पर चल रही खबरों से जानकारी मिली है कि जहाज पर कैप्टन समेत चालक दल के कुल 14 लोग सवार थे. हमले के बाद रेस्क्यू कर 13 लोगों को निकाल लिया गया है, जबकि सुमित के लापता होने की बात सामने आ रही है. इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गयी है.
आठ साल से जहाज पर कर रहे हैं काम
परिजनों के अनुसार, सुमित बीते आठ वर्षों से इरानी शिपिंग कंपनी के चालक दल में सह चालक के रूप में काम कर रहे हैं. उनका बड़ा भाई अमित सिलीगुड़ी में सेना में पदस्थापित है. घटना की जानकारी मिलने के बाद अन्य परिजन भी मुंबई पहुंच गये हैं.
कंपनी से जानकारी नहीं मिलने पर बढ़ी चिंता
परिजन विदेश मंत्रालय और कंपनी के अधिकारियों से संपर्क साधने का प्रयास कर रहे हैं. उनका कहना है कि घटना को लेकर विभागीय स्तर पर अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से चिंता बढ़ती जा रही है. सुमित के सगे-संबंधियों के घर भी मातम का माहौल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए