hajipur news. अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त जख्मी

Author Rahul ray
Updated:
विज्ञापन
hajipur news. अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त जख्मी

जंदाहा-पटोरी मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, अभय कुमार राय के रूप में हुई मृतक की पहचान

विज्ञापन

महनार. महनार थाना क्षेत्र के जंदाहा-पटोरी मुख्य मार्ग पर मक्कनपुर मस्जिद के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक अभय कुमार राय की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. इस संबंध में बताया गया कि मृतक अभय कुमार राय स्थानीय निवासी सोनेलाल राय का पुत्र था. वह अपने ही गांव के महेश्वर राय के पुत्र प्रदीप कुमार के साथ बाइक से जंदाहा बाजार जा रहा था. इसी दौरान मक्कनपुर मस्जिद के निकट सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे और अभय की मौके पर ही मौत हो गयी.

घटनास्थल पर आये दिन होते हैं हादसे

ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंदाहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अभय को मृत घोषित कर दिया. प्रदीप कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया. हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गयी. परिजनों को जब हादसे की सूचना मिली तो घर में चीख-पुकार मच गयी. मृतक अभय कुमार पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था. उसके पिता सोनेलाल राय और मां कौशल्या देवी बेटे के शव को देखकर बेहोश हो पड़ीं. परिजनों के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो गया.

स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह सड़क का अत्यंत संकरा और खतरनाक मोड़ है. आये दिन वहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गयी है.

क्या कहते हैं अधिकारी

प्रथम दृष्टया मामला अज्ञात वाहन की टक्कर का प्रतीत होता है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है. वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच की जा रही है.

वेदानंद सिंह, थानाध्यक्ष, महनार

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Rahul Ray

लेखक के बारे में

By Rahul Ray

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन