Gopalganj News : जाति, धर्म मुक्त होगा बिहार, बहुजन राज लायेंगे : अनिल कुमार
Published by : SHAH ABID HUSSAIN Updated At : 21 May 2025 8:52 PM
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने हथुआ के गांधी आश्रम परिसर में एक दिवसीय समीक्षा बैठक सह कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना तथा चुनावी रणनीति पर विचार करना था.
हथुआ. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने हथुआ के गांधी आश्रम परिसर में एक दिवसीय समीक्षा बैठक सह कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना तथा चुनावी रणनीति पर विचार करना था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला. बैठक के मुख्य अतिथि बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर एवं राज्यसभा सांसद इं. रामजी गौतम रहे. उन्होंने अपने संबोधन में कहा, अब वक्त आ गया है कि बिहार की जनता को जाति, धर्म और झूठे वादों की राजनीति से मुक्ति दिलायी जाये. बसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान की असली रक्षक है और समाज के वंचित व शोषित तबकों को सशक्त करने के लिए संकल्पित है. उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार विधानसभा में बसपा की सशक्त उपस्थिति होगी और पार्टी सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करेगी. केंद्रीय प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा, जदयू, राजद और कांग्रेस जैसी पार्टियां केवल सत्ता प्राप्ति की राजनीति करती हैं, जबकि बसपा समाज के मूलभूत बदलाव और सामाजिक न्याय के लिए संघर्षरत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे जनसंपर्क यात्रा, जागरूकता अभियान और बूथ स्तर पर संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता तक पार्टी की विचारधारा को पहुंचाएं. बैठक की अध्यक्षता रामचंद्र कुमार ने की, जबकि संचालन रंजन पासवान ने किया. मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष किशोर कुणाल विवेक, प्रदेश महासचिव संजय मंडल, सचिन सिंह, महेश राम, जनार्दन राम, सुरेंद्र राम, सरोज शाह, अशोक गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे. सभी ने पूर्ण संकल्प के साथ आगामी चुनाव में बसपा को मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करने का एलान किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










