गोपालगंज के भोरे में 315 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक और कार जब्त
शराब के साथ गिरफ्तार युवक
जगतौली ओपी पुलिस ने यूपी से तस्करी कर लाई जा रही 315 लीटर शराब बरामद की है. कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक फरार हो गया. पुलिस ने मौके से एक पल्सर बाइक और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया है.
sharab taskari: जगतौली ओपी पुलिस ने शुक्रवार की रात कार्रवाई करते हुए यूपी से तस्करी कर लाई जा रही 315 लीटर शराब बरामद की है. पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पल्सर बाइक और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया है.
शराब की खेप आने की मिली थी सूचना
बताया जाता है कि जगतौली ओपी पुलिस को सूचना मिली थी कि यूपी से करमासी तीनमुहानी के रास्ते एक चारपहिया वाहन से शराब की बड़ी खेप लाई जाने वाली है. शराब लाने वाले वाहन की निगरानी के लिए उसके आगे एक पल्सर बाइक भी चलने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम करमासी तीनमुहानी के पास पहुंची और वाहनों के आने का इंतजार करने लगी.
पुलिस को देखकर भागने लगे तस्कर
इसी दौरान एक पल्सर बाइक वहां से गुजरती दिखाई दी. पुलिस ने बाइक सवार युवक को रोककर पूछताछ शुरू की. इसी बीच पीछे से एक चारपहिया वाहन भी वहां पहुंच गया. पुलिस बल को देखते ही चारपहिया वाहन में सवार दो लोग गाड़ी से उतरकर भागने लगे. पुलिसकर्मियों ने पीछा कर एक आरोपित को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से फरार होने में सफल रहा.
तलाशी में 315 लीटर शराब बरामद
पुलिस ने चारपहिया वाहन की तलाशी ली, जिसमें 315 लीटर शराब बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने बाइक और शराब लदे चारपहिया वाहन को जब्त कर लिया. गिरफ्तार दोनों आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के खुखुन्दू थाना क्षेत्र के अहिरौली पांडेय गांव निवासी हिमांशु शुक्ला और भिंगारी बाजार निवासी शिवम शाही के रूप में हुई है.
एक तस्कर फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मौके से फरार आरोपित की पहचान हुस्सेपुर निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर शराब की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











