तिलक से लौट रही कार खड़े ट्रक से टकरायी, दुल्हन के भाई, दादा और मामा की मौत

Updated at : 23 Apr 2024 9:53 PM (IST)
विज्ञापन
Lawrence Bishnoi

बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के खैरा आजम गांव के लंगड़ा माेड़ के पास सोमवार की रात दो बजे बेटी का तिलक चढ़ाकर छपरा से लौट रहे परिवार की कार खड़े ट्रक से जा टकरायी. इस हादसे में कार सवार दुल्हन के भाई, दादा व मामा की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

विज्ञापन

गोपालगंज. बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के खैरा आजम गांव के लंगड़ा माेड़ के पास सोमवार की रात दो बजे बेटी का तिलक चढ़ाकर छपरा से लौट रहे परिवार की कार खड़े ट्रक से जा टकरायी. इस हादसे में कार सवार दुल्हन के भाई, दादा व मामा की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि सात लोग घायल हो गये. घायलों में दो युवकों की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, वहीं, पांच घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है. मृतकों की पहचान सूरज राम (70 वर्ष), शंकर राम (22 वर्ष), रियांश कुमार (4 वर्ष) के रूप में की गयी है. बताया जाता है कि सिधवलिया थाने के बुचेया कली टोला गांव के रमाकांत राम के घर से सोमवार की शाम बेटी का तिलक सारण जिले के इसुआपुर थाने के सिसवा गांव के योगेंद्र राम के घर गया था. तिलक चढ़ाकर परिजन देर रात कार से अपने घर लौट रहे थे. रास्ते में एसएच-90 पर खैरा आजम गांव के समीप सड़क पर खड़े एक ट्रक में पीछे से कार ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने सात घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने इस मामले में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर हादसे की जांच शुरू कर दी है. वहीं, शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. 25 अप्रैल को शादी होनी है, लेकिन इससे पहले तीन लोगों की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है. किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि तिलक से लौटनेवाले परिवार के सदस्यों की कार दुर्घटना की शिकार हो जायेगी. हादसे में एक साथ तीन लोगों की मौत भी हो सकती है, इसे कोई यकीन नहीं कर रहा था. लेकिन होनी को यही मंजूर था. वहीं, दूसरी तरफ कार हादसे में घायल दो युवकों को पटना मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जबकि तीन बच्चों समेत पांच लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिवार के कुछ लोग पटना, तो कुछ लोग सदर अस्पताल में जख्मी लोगों का इलाज कराने में लगे हुए थे. वहीं, कुछ लोग पुलिस के साथ तीन मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करवा रहे थे. दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद जब तीनों का शव बुचेया कली टोले में पहुंचा, तो परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. एक साथ तीन लोगों के शवों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही थीं. मृतकों में चार साल के रियांश कुमार से लेकर 70 साल के बुजुर्ग सूरज राम और 22 साल के युवा सीवान जिला के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के डगरी मठिया के निवासी शंकर राम थे. हादसे के बाद 25 को आनेवाली बरात को लेकर लोग संशय में हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन