बिजली प्रवाहित कंटीले तार की चपेट में आने से मैट्रिक की छात्रा की मौत, गांव में मातम
घटनास्थल पर उमड़ी भीड़
Gopalganj News : गोपालगंज के डुमरौना गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ. मकई के खेत में निराई करने गई 14 वर्षीय छात्रा बिजली प्रवाहित कंटीले तार की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है.
Gopalganj News : कटेया थाना क्षेत्र के डुमरौना गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में बिजली प्रवाहित कंटीले तार की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.
मकई के खेत में सोहनी करने गई थी छात्रा
मृतका की पहचान डुमरौना गांव निवासी कमलेश यादव उर्फ खुट्टूर यादव की 14 वर्षीय पुत्री रागिनी कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रागिनी रविवार करीब साढ़े तीन बजे खनुआ नदी किनारे स्थित अपने मकई के खेत में सोहनी (निराई) करने गई थी. तेज धूप से बचने के लिए वह पास के केले के खेत की मेड़ पर छाया में बैठने चली गई.
कंटीले तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आई
बताया जाता है कि केले के पौधों की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर कंटीले तार लगाए गए थे, जिनमें बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था. जैसे ही रागिनी कंटीले तार के संपर्क में आई, वह करंट की चपेट में आ गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
बेलही खास हाई स्कूल में मैट्रिक की छात्रा थी रागिनी
रागिनी बेलही खास हाई स्कूल में मैट्रिक की छात्रा थी. परिजनों ने बताया कि रविवार होने के कारण वह दोपहर बाद खेत में काम करने गई थी. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
चार माह पहले मां का हुआ था निधन
परिजनों ने बताया कि रागिनी के पिता कमलेश यादव ट्रैक्टर चालक हैं. करीब चार माह पहले बीमारी के कारण रागिनी की मां का निधन हो गया था. मां की मौत के बाद अब बेटी के असमय निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है.
गांव में पसरा शोक
घटना के बाद डुमरौना गांव में मातम का माहौल है. मृतका के घर लोगों की भीड़ जुटी रही और ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए