शादी के चार महीने बाद नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, दहेज हत्या का आरोप

प्रतीकात्मक तस्वीर
Gopalganj News : गोपालगंज के बरौली में एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला. शादी के चार महीने ही हुए थे. मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या की गई है.
Gopalganj News : जिले के बरौली थाना क्षेत्र के रामपुर बघेजी गांव में रविवार को एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही बरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.
चार माह पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान सिवान जिले के धनौती ओपी क्षेत्र के भरथुई गांव निवासी मुस्तफा मियां की पुत्री चुनमुन खातून के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, चुनमुन की शादी करीब चार माह पहले रामपुर बघेजी गांव निवासी नइमतुल्लाह मियां के साथ हुई थी. शादी के बाद से वह अपने ससुराल में रह रही थी.
ससुराल पक्ष ने बताया आत्महत्या, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
रविवार सुबह घर के एक करकट वाले कमरे में चुनमुन का शव फंदे से लटका मिला. इसके बाद परिजनों ने मायके वालों को सूचना दी. ससुराल पक्ष इस घटना को आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके वालों ने इसे दहेज हत्या का मामला बताया है. मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही चुनमुन पर पांच लाख रुपये नकद और एक गाड़ी की मांग को लेकर दबाव बनाया जा रहा था. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी.
हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच
बरौली थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि हत्या और आत्महत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










