गोपालगंज में करंट से किशोरी की मौत मामले में FIR, केले के खेत में बिजली का तार लगाने का आरोप

केले के खेत में करंट से किशोरी की मौत मामले की जांच करती पुलिस
गोपालगंज के डुमरौना गांव में केले के खेत की घेराबंदी में लगे बिजली के तार की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है।
Gopalganj News: कटेया थाना क्षेत्र के डुमरौना गांव में केले के खेत की घेराबंदी के लिए लगाए गए बिजली के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतका के पिता के आवेदन पर कटेया पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतका की पहचान डुमरौना गांव निवासी रागिनी यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
खेत में घास निकालने गई थी किशोरी
थाने में दिए आवेदन में मृतका के पिता ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री रागिनी यादव 26 जुलाई की दोपहर करीब 3:30 बजे अपनी बुआ पुनीता देवी और बहन रोशनी के साथ मक्के के खेत में घास निकालने गई थी.
इसी दौरान खेत के बगल में केले की खेती करने वाले डुमरौना गांव निवासी चंद्रशेखर मिश्र, मनोज मिश्र, गंगेश मिश्र, हरेंद्र मिश्र उर्फ काशी और विजयीपुर निवासी शुभम तिवारी वहां मौजूद थे.
केले के खेत में नंगे बिजली तार लगाने का आरोप
मृतका के पिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपितों ने केले के खेत की चारों ओर नंगे बिजली के तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित कर रखा था.
आवेदन के अनुसार, रागिनी अपने खेत की मेड़ पर बैठी थी, तभी वह करंट की चपेट में आ गई. करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मदद मांगने पर धमकी देने का आरोप
मृतका के साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर आरोपितों से मदद की गुहार लगाई. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने किशोरी को बचाने के बजाय बच्चों को जान से मारने और शव को नदी में फेंक देने की धमकी दी.
मृतका के पिता ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि आरोपित खेत में लगाए गए बिजली के तार को हटाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास कर रहे थे. विरोध करने पर सभी आरोपित वहां से फरार हो गए.
पुलिस ने शुरू की जांच, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
परिजनों के पहुंचने पर रागिनी करंट प्रवाहित तार से सटी हुई मृत अवस्था में मिली. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर पांच नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










