गोपालगंज: यूपी पुलिस की सख्ती से बिहार-यूपी बॉर्डर पर फंसे बालू लदे ट्रक, NH-27 पर लगा महाजाम

एनएच पर खड़ी ट्रक
यूपी पुलिस की अवैध बालू के खिलाफ सख्ती के चलते बिहार-यूपी सीमा पर नेशनल हाईवे-27 पर ट्रकों की लंबी कतार लग गई है. चालकों द्वारा यूपी सीमा में प्रवेश करने से पहले ही वाहनों को खड़ा कर देने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. इस जाम से आम यात्रियों के साथ-साथ एंबुलेंस और बसों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
Gopalganj News: अवैध रूप से बालू लदे ट्रकों के खिलाफ यूपी पुलिस की सख्ती का असर अब बिहार-यूपी सीमा पर दिखने लगा है. कार्रवाई के डर से ट्रक चालकों ने अपने वाहनों को यूपी सीमा में प्रवेश करने से पहले ही बिहार की सीमा में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर खड़ा कर दिया है. ट्रकों की लंबी कतार लगने से एनएच-27 पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है.
फोरलेन जैसी व्यस्त सड़क पर एक लेन पूरी तरह से ट्रकों के कब्जे में आ गई है. इसके कारण वाहन चालकों को महज एक लेन से धीरे-धीरे गुजरना पड़ रहा है. कुचायकोट और आसपास के इलाकों में वाहनों की रफ्तार थम गई है.
यूपी सीमा पर चेकिंग अभियान से बढ़ी परेशानी
जानकारी के अनुसार, यूपी पुलिस की ओर से अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए सीमा क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. यूपी सीमा में प्रवेश करते ही जब्ती और कानूनी कार्रवाई के डर से बालू लदे ट्रक चालक अपने वाहनों को बिहार सीमा के अंदर ही खड़ा कर दे रहे हैं.
देखते ही देखते एनएच-27 की एक लेन ट्रकों के पार्किंग जोन में बदल गई है. बड़ी संख्या में ट्रकों के सड़क पर खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है.
एंबुलेंस और बसों को भी हो रही परेशानी
एनएच-27 पर लगे जाम के कारण आम यात्रियों के साथ-साथ एंबुलेंस और लंबी दूरी की बसों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहने को मजबूर हैं.
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क पर खड़े ट्रकों को हटवाया जाए और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया जाए.
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ट्रकों को सड़क से नहीं हटाया गया तो जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है. लोगों ने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई कर एनएच-27 पर आवागमन सुचारू कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










