गोपालगंज: कुचायकोट के नवपदस्थापित BDO आदित्य प्रकाश पांडेय का स्वागत, पंचायत प्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

बीडीओ का स्वागत करते पंचायत प्रतिनिधि
कुचायकोट प्रखंड के नए बीडीओ आदित्य प्रकाश पांडेय का पंचायत समिति ने गर्मजोशी से स्वागत किया। विकास कार्यों में सहयोग की अपील की गई।
Gopalganj News: कुचायकोट प्रखंड के नवपदस्थापित बीडीओ आदित्य प्रकाश पांडेय का पंचायत समिति की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया. पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रखंड कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं.
पंचायत प्रतिनिधियों से बीडीओ ने लिया परिचय
मुलाकात के दौरान बीडीओ आदित्य प्रकाश पांडेय ने पंचायत प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया. उन्होंने प्रखंड के समग्र विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहभागिता के साथ काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है.
पात्र लाभुकों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
बीडीओ ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्रत्येक पात्र लाभुक तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है. इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय से प्रखंड में विकास कार्यों को गति दी जा सकती है.
पंचायत प्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने नवपदस्थापित बीडीओ को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कुचायकोट प्रखंड में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में और तेजी आएगी.
मौके पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि अखिलेश्वर सिंह, उपप्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र चौबे, पंचायत समिति सदस्य बिपुल सिंह, राकेश तिवारी, मुन्ना राय सहित प्रखंड क्षेत्र के कई पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











