गोपालगंज मॉडल स्कूलों में रोज चलेगी लैब और लाइव क्लास, डीइओ ने दिया सख्त निर्देश
बैठक में शामिल आदर्श स्कूलों के एचएम व अन्य
Gopalganj Education Department: जिले के सभी मॉडल स्कूलों में अब फिजिक्स-केमिस्ट्री लैब, कंप्यूटर लैब और लाइव क्लास के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद नियमित उपयोग न होने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी.
Gopalganj Education Department: जिले के सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श उच्च विद्यालय समेत सभी मॉडल स्कूलों में अब फिजिक्स-केमिस्ट्री लैब, कंप्यूटर लैब और लाइव क्लास के संचालन में किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी. विद्यालयों में संसाधन उपलब्ध रहने के बावजूद उनका नियमित इस्तेमाल नहीं होने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करेगी. गतिविधियों के नियमित संचालन की पुष्टि के लिए विद्यालयों को हर दिन फोटो और वीडियो भी भेजने होंगे.
डीइओ ने प्राचार्यों को दिया सख्त निर्देश
डीइओ अमरेन्द्र कुमार पांडेय की अध्यक्षता में सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय में जिले के सभी मॉडल स्कूलों के प्राचार्यों के साथ बैठक हुई. इसमें समग्र शिक्षा विभाग के डीपीओ शिवम भी शामिल हुए. बैठक में मॉडल स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था, लैब संचालन और डिजिटल पढ़ाई को लेकर विभागीय निर्देशों की समीक्षा की गयी. अधिकारियों ने सभी निर्देशों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया.
संसाधन सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, बच्चों के काम आने चाहिए
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि मॉडल स्कूलों में उपलब्ध करायी गयी शैक्षणिक सुविधाओं का सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलना चाहिए. भौतिकी और रसायन विज्ञान की लैब का नियमित संचालन कराने का निर्देश दिया गया. इसके साथ ही कंप्यूटर लैब का भी प्रतिदिन इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा गया.
प्राचार्यों को निर्देश दिया गया कि विद्यार्थी केवल किताबों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रयोगात्मक और कंप्यूटर आधारित पढ़ाई से भी जुड़ें. उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया.
हर दिन चलेगी लाइव क्लास, भेजनी होगी तस्वीर
मॉडल स्कूलों में लाइव क्लास का भी प्रतिदिन संचालन करने का निर्देश दिया गया है. इसके लिए विभाग की ओर से उपलब्ध कराये गये ऑनलाइन माध्यम का इस्तेमाल करने को कहा गया. लाइव क्लास और लैब संचालन की फोटो एवं वीडियो संबंधित ग्रुप में भेजने के लिए विद्यालय प्रधानों को निर्देशित किया गया है.
तकनीकी टीम करेगी औचक जांच
निर्देशों के अनुपालन की जिम्मेदारी प्रखंड तकनीकी टीम को भी दी गयी है. टीम के सदस्य विद्यालय प्रधान से संपर्क कर रोजाना तीनों गतिविधियों के संचालन की जानकारी लेंगे और फोटो-वीडियो उपलब्ध कराने को कहेंगे.
यदि किसी विद्यालय से नियमित गतिविधियों की जानकारी नहीं मिलती है या भेजे गये फोटो-वीडियो और मौके की वास्तविक स्थिति में अंतर पाया जाता है, तो तकनीकी टीम विद्यालय पहुंचकर औचक जांच करेगी. जांच के बाद वास्तविक स्थिति से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जायेगा.
विद्यार्थियों को सभी सुविधाओं का नियमित लाभ देने पर जोर
बैठक में प्राचार्यों को मॉडल स्कूल के निर्धारित नियमों और मानकों का पालन करने, विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध सभी शैक्षणिक सुविधाओं का नियमित लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









