गोपालगंज में दहेज के लिए दो विवाहिता की हत्या का आरोप, एक मामले में ससुराल पक्ष फरार तो दूसरे में सास गिरफ्तार
हत्या के बाद दरवाजे पर उमड़ी लोगों की भीड़
Married Woman Death: गोपालगंज से दहेज के कारण विवाहिताओं की हत्या की दो भयावह घटनाएं सामने आई हैं. मांझा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद ससुराल पक्ष फरार है. वहीं, थावे थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या के मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है, जिसमें सास गिरफ्तार है.
Married Woman Death: गोपालगंज जिले में दहेज को लेकर दो अलग-अलग विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है. मांझा थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव में विवाहिता नेहा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मायकेवालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तकिया से मुंह दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. वहीं, थावे थाना क्षेत्र के बढ़इहाता गांव में दहेज के लिए विवाहिता खुशबू सिंह की हत्या के मामले में पति, सास और ननद समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने इस मामले में सास सरोज देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है.
w
भटवलिया में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष फरार
मांझा थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव में बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव निवासी नेहा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व भटवलिया गांव निवासी लालू पटेल के साथ हुई थी. गुरुवार को ससुराल में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद विवाहिता की मौत हो गयी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मांझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव मायकेवालों को सौंप दिया गया.
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के मायकेवालों का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोग नेहा को लगातार प्रताड़ित करते थे. मायकेवालों ने दावा किया कि इसी विवाद में तकिया से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गयी. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के फरार होने से परिजनों में आक्रोश है.
थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं.
बढ़इहाता में विवाहिता की हत्या के मामले में चार पर प्राथमिकी, सास गिरफ्तार
थावे थाना क्षेत्र के बढ़इहाता गांव में दहेज के लिए विवाहिता खुशबू सिंह की हत्या के मामले में सास, पति और ननद समेत चार लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सास सरोज देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया.
प्राथमिकी कटेया थाना क्षेत्र के बाबू जमुनाहां गांव निवासी किरण देवी ने दर्ज करायी है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी भगिनी खुशबू सिंह की शादी हिंदू रीति-रिवाज से 12 मई 2022 को थावे थाना क्षेत्र के बढ़इहाता गांव निवासी स्वर्गीय केशव सिंह के पुत्र मुकेश सिंह के साथ हुई थी.
दहेज में पांच लाख रुपये मांगने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर खुशबू को प्रताड़ित करने लगे थे. इसको लेकर कई बार पंचायती भी हुई थी. मृतका की एक पुत्री और एक वर्ष का पुत्र है.
परिजनों के अनुसार, आठ अगस्त को खुशबू ने फोन कर बताया था कि दहेज की मांग को लेकर उसके साथ सात दिनों से मारपीट की जा रही है. इसके बाद 10 अगस्त को पुलिस के माध्यम से परिजनों को खुशबू की हत्या की सूचना मिली.
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सास सरोज देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है. अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










