गोपालगंज : मीरगंज में रेस्टोरेंट पर पुलिस की छापेमारी, युवक और दो युवतियां रेस्क्यू; दो कर्मचारी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

मीरगंज के रेस्टोरेंट पर छापेमारी करती पुलिस

मीरगंज के जिगना ढाला के पास खाना खजाना रेस्टोरेंट में पुलिस ने छापेमारी की. देह व्यापार की सूचना पर हुई कार्रवाई में आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए एक युवक और दो युवतियों को रेस्क्यू किया गया. दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

विज्ञापन

Gopalganj Restaurant Raid: मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना ढाला के समीप पुलिस ने खाना खजाना रेस्टोरेंट में छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना पर यह कार्रवाई की गयी. छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट के एक केबिन से एक युवक और दो युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया, जिन्हें पुलिस ने रेस्क्यू किया. मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात सामने आयी है.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रेस्टोरेंट के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, मामले का मुख्य संचालक पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया. पुलिस ने रेस्टोरेंट को सील कर दिया है. गिरफ्तार कर्मचारियों से पूछताछ कर पुलिस पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है.

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर हुई छापेमारी

बताया जा रहा है कि पुलिस को रेस्टोरेंट में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. इसके बाद एसडीपीओ हथुआ, प्रशिक्षु डीएसपी एवं तत्कालीन मीरगंज थाना प्रभारी नीरव कुमार पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट में छापेमारी की. अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरातफरी मच गयी. पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट के विभिन्न हिस्सों की जांच की और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की.

मुख्य संचालक की तलाश में छापेमारी

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मुख्य संचालक समेत अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. रेस्क्यू किए गए युवक और दोनों युवतियों से भी आवश्यक जानकारी ली जा रही है.

पहले भी रेस्टोरेंट पर हुई थी कार्रवाई

ज्ञात हो कि इससे पहले मीरगंज के थाना चौक स्थित वन बाइट रेस्टोरेंट में भी पुलिस ने छापेमारी की थी और कार्रवाई के बाद उसे सील कर दिया गया था. लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से क्षेत्र में चर्चा तेज है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : पटना के डॉक्टर से 2.03 करोड़ की वसूली, मुजफ्फरपुर में कोचिंग चलाने वाली महिला ने किया ब्लैकमेल


विज्ञापन
संजय कुमार अभय

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन