Gopalganj News : परीक्षा गड़बड़ी के बाद छात्रों को मिली राहत, विशेष परीक्षा घोषित

Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 21 May 2026 7:41 PM

विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Gopalganj News : परीक्षा तिथि को लेकर भ्रम से प्रभावित छात्रों को मिलेगा दूसरा अवसर

विज्ञापन

Gopalganj News (विकास दुबे) : जयप्रकाश विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था में हुई गड़बड़ी का असर आखिरकार छात्रों के भविष्य पर पड़ता दिखा. परीक्षा कार्यक्रम और विषय समूह को लेकर फैले भ्रम के कारण स्नातक प्रथम सेमेस्टर के कई परीक्षार्थी माइनर कोर्स पेपर (एमआइसी) की परीक्षा देने से वंचित रह गये थे. लगातार शिकायतों, छात्रों के विरोध और अभिभावकों की नाराजगी के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने राहत का रास्ता खोलते हुए विशेष परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया है. जेपीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2025-29 के ऐसे छात्र, जो पहले एमआइसी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे, उनके लिए एक जुलाई 2026 को विशेष परीक्षा आयोजित की जायेगी. यह निर्णय 19 मई को हुई परीक्षा मंडल की बैठक में लिया गया. बताया गया कि पिछले महीने 15 से 30 अप्रैल के बीच गोपालगंज जिले के तीन केंद्रों समेत विश्वविद्यालय के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सीबीसीएस आधारित स्नातक सेमेस्टर वन की परीक्षा आयोजित की गयी थी. इसी दौरान माइनर कोर्स पेपर की परीक्षा तिथि, विषय समूह और पाली को लेकर छात्रों के बीच भारी भ्रम की स्थिति बन गयी थी. कई विद्यार्थियों को यह तक स्पष्ट नहीं हो पाया था कि उनका विषय किस ग्रुप में शामिल है और परीक्षा किस दिन तथा किस पाली में होगी.

कॉलेजों पर भी उठे थे सवाल, समय पर नहीं पहुंची थी स्पष्ट सूचना

छात्रों का आरोप है कि कॉलेजों में समय पर स्पष्ट सूचना नहीं पहुंची और न ही परीक्षा कार्यक्रम को लेकर सही ढंग से मार्गदर्शन किया गया. नतीजा यह हुआ कि बड़ी संख्या में छात्र निर्धारित तिथि पर परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सके. परीक्षा छूटने के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गयी. कई छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से लेकर विश्वविद्यालय तक शिकायत दर्ज करायी थी.

दो पालियों में होगी परीक्षा, सिर्फ परीक्षा नहीं शामिल छात्र ही देंगे परीक्षा

विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम में बताया है कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक चलेगी. इसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथेमेटिक्स, बॉटनी, जूलॉजी, पॉलिटिकल साइंस, फिलॉसफी, साइकोलॉजी और कॉमर्स विषय की परीक्षा ली जायेगी. वहीं दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी. इसमें भोजपुरी, इतिहास, लेबर एंड सोशल वेलफेयर, इकोनॉमिक्स, संस्कृत, संगीत, एआइएच एंड कल्चर, ग्रामीण अर्थशास्त्र, भूगोल, अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू, होम साइंस और समाजशास्त्र विषय शामिल हैं. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष परीक्षा केवल उन्हीं विद्यार्थियों के लिए होगी, जो 17 और 18 अप्रैल को आयोजित एमआइसी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे. पहले से परीक्षा दे चुके छात्र इस विशेष परीक्षा में शामिल नहीं होंगे.

जेपीयू के परीक्षा भवन को बनाया गया है परीक्षा केंद्र

छूटे हुए परीक्षार्थी की परीक्षा के लिए जिले के सभी केंद्रों के छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र विश्वविद्यालय परिसर स्थित बहुउद्देशीय परीक्षा भवन, छपरा को बनाया गया है. सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिया गया है कि इस सूचना को नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर छात्रों तक तत्काल पहुंचाया जाये, ताकि इस बार जानकारी के अभाव में किसी भी विद्यार्थी की परीक्षा न छूटे. छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि विश्वविद्यालय की लापरवाही ने उन्हें मानसिक तनाव में डाल दिया था. कई छात्र इस डर में थे कि एक पेपर छूटने से उनका पूरा सत्र प्रभावित हो जायेगा. हालांकि अब विशेष परीक्षा की घोषणा के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली है, लेकिन विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल अब भी बने हुए हैं.

Also Read : Siwan News : विश्व पर्यावरण दिवस पर सीवान जंक्शन में चला स्वच्छता अभियान

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन