Gopalganj News: तेज आंधी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Updated:
विज्ञापन
Gopalganj News: तेज आंधी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Gopalganj News:बिजली आपूर्ति ठप, जलजमाव से बढ़ी परेशानी, किसानों की सब्जी फसल बर्बाद

विज्ञापन

Gopalganj News:(अखिल कुमार) गोपालगंज जिले के मांझा प्रखंड क्षेत्र में सोमवार की रात अचानक आए तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया. तेज हवा के साथ हुई मूसलधार बारिश से कई गांवों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि सड़कों पर जलजमाव होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

आठ घंटे तक ठप रही बिजली आपूर्ति

सोमवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली. तेज हवा और बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं. बिजली के तारों पर पेड़ गिरने और तकनीकी खराबी के कारण क्षेत्र के कई गांवों में करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. रातभर लोग अंधेरे में रहने को मजबूर रहे.

पेयजल संकट और मोबाइल बंद होने से बढ़ी परेशानी

बिजली नहीं रहने से पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई. इनवर्टर जवाब देने लगे और मोबाइल फोन तक बंद होने लगे, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

नई बाजार में जलजमाव से लोगों की बढ़ी मुश्किलें

प्रखंड कार्यालय के समीप माझा नई बाजार में बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति बन गई. कई सड़कों पर घुटने भर पानी जमा हो गया, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी हुई. दुकानों के सामने पानी भर जाने से ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित रही. स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में बाजार की यही स्थिति हो जाती है.

सब्जी किसानों को भारी नुकसान

बारिश और तेज हवा का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है. क्षेत्र में बड़े पैमाने पर टमाटर, बैंगन, मिर्च और अन्य सब्जियों की खेती की गई थी. तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया तथा फसल जमीन पर गिरकर खराब हो गई. किसानों ने बताया कि खेती में काफी लागत लगाई गई थी, लेकिन खराब मौसम ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया.

मुआवजे की मांग कर रहे किसान

किसानों ने प्रशासन से फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि बढ़ती खेती लागत और मौसम की मार से आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है. कई किसानों ने कहा कि सरकारी सहायता नहीं मिलने पर आगे खेती करना मुश्किल हो जाएगा.

गर्मी से जरूर मिली राहत

हालांकि तेज बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली है. पिछले कई दिनों से लोग गर्मी से परेशान थे. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना जताई है.

Also Read: Gopalganj News: थावे मंदिर पुनरुद्धार कार्य में देरी पर बड़ा एक्शन, पर्यटन निगम के इंजीनियर हटाने का आदेश

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन