गोपालगंज में डीएम के जनता दरबार में 28 शिकायतों की सुनवाई, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

लोगों की समस्याओं को सुनते डीएम
गोपालगंज में 'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया. डीएम समीर सौरभ ने विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की 28 शिकायतों पर सुनवाई की. उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए.
गोपालगंज: डीएम समीर सौरभ ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में "सबका सम्मान, जीवन आसान" अभियान के तहत जनता दरबार का आयोजन किया. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं. कुल 28 शिकायतों पर सुनवाई करते हुए डीएम ने सभी को न्याय का भरोसा दिलाया.
डीएम ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
भूमि विवाद, पेंशन और राशन कार्ड से जुड़े मामले पहुंचे
जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, अतिक्रमण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं. डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई कर आवेदकों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना लक्ष्य
डीएम समीर सौरभ ने कहा कि "सबका सम्मान, जीवन आसान" अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
जनता दरबार में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
Also Read : हाजीपुर में चकसिकंदर बाजार से SBI का ATM उखाड़ ले गए बदमाश, कुछ घंटों में बरामद हुई मशीन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










