गोपालगंज: शिक्षक का छात्राओं के साथ नृत्य वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण

Updated:
विज्ञापन
Gopalganj News

शिक्षा भवन, गोपालगंज

Gopalganj News : गोपालगंज: शिक्षक विवाद ने शिक्षा जगत में बढ़ाई हलचल

विज्ञापन

Gopalganj News (विकास दुबे) : गोपालगंज के भोरे प्रखंड के एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक का छात्राओं के साथ नृत्य करते हुए कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थापना डीपीओ मुकेश कुमार ने संबंधित शिक्षक से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है. साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने अथवा आरोपों की पुष्टि होने पर विभागीय नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जायेगी. जानकारी मिली कि वायरल वीडियो भोरे प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंडित जीगना में कार्यरत विशिष्ट शिक्षक रमाकांत कुशवाहा से जुड़ा बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में शिक्षक कथित रूप से कुछ छात्राओं के साथ फिल्मी गीत पर नृत्य करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गयी और कई लोगों ने इसकी शिकायत शिक्षा विभाग से की.

विभाग ने आचरण और सेवा नियमों पर मांगा जवाब

मामला केवल वायरल वीडियो तक सीमित नहीं है. शिक्षा विभाग को कुछ अभिभावकों की ओर से यह शिकायत भी प्राप्त हुई है कि संबंधित शिक्षक विद्यालय अवधि के दौरान निजी कोचिंग का संचालन करते हैं. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि छात्र-छात्राओं को अलग-अलग समय पर कोचिंग के लिए बुलाया जाता है. विभाग ने इन आरोपों को भी गंभीरता से लेते हुए शिक्षक से पूरे मामले में स्पष्ट जवाब देने को कहा है. स्थापना डीपीओ मुकेश कुमार ने जारी पत्र में कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और प्राप्त शिकायतों के आधार पर शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया है. यदि जांच के दौरान आरोप सही पाये जाते हैं तो यह शिक्षक के आचरण, सेवा शर्तों और विभागीय नियमों के विपरीत माना जायेगा.

समय पर जवाब नहीं देने पर कार्रवाई संभव

शिक्षा विभाग का मानना है कि शिक्षक समाज में आदर्श की भूमिका निभाते हैं. ऐसे में किसी भी प्रकार का आचरण, जिससे शिक्षक की गरिमा अथवा विद्यालय की छवि प्रभावित हो, उसे गंभीरता से देखा जाता है. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि विद्यालय शिक्षा का केंद्र है और वहां अनुशासन, मर्यादा तथा शैक्षणिक वातावरण बनाये रखना सभी शिक्षकों की जिम्मेदारी है. डीपीओ ने संबंधित शिक्षक को 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है. साथ ही चेतावनी दी गयी है कि समय सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा निर्णय लेते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू की जा सकती है.

सोशल मीडिया पर चर्चा तेज

मामले की सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी भोरे, जिला शिक्षा पदाधिकारी गोपालगंज तथा जिला पदाधिकारी को भी भेज दी गयी है. शिक्षा विभाग पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और शिक्षक के जवाब का इंतजार कर रहा है. इधर, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और विभागीय कार्रवाई शुरू होने के बाद शिक्षा जगत में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गयी है. अब सभी की नजर शिक्षक के स्पष्टीकरण और विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.

Also Read : गोपालगंज: विधायक अमरेंद्र पांडेय और सतीश पांडेय को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत

विज्ञापन
युवराज रतन

लेखक के बारे में

By युवराज रतन

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन