राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति को लेकर शिक्षा विभाग सख्त, आवेदन और सत्यापन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन
स्कॉलरशिप आवेदन में लापरवाही पर कार्रवाई: शिक्षा विभाग सख्त

जिला शिक्षा कार्यालय

Gopalganj News : गोपालगंज शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) के लिए सख्त निर्देश दिए हैं. वर्ष 2026-27 की छात्रवृत्ति प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई की जाएगी. पात्र छात्र-छात्राओं को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर समय पर पंजीकरण और ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करना होगा.

विज्ञापन

Gopalganj News : राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) के तहत वर्ष 2026-27 की छात्रवृत्ति प्रक्रिया को लेकर गोपालगंज शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं. माध्यमिक शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) विनय कुमार सुमन ने जिले के सभी राजकीय, राजकीयकृत, प्रोजेक्ट, उत्क्रमित एवं नवस्थापित उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पात्र छात्र-छात्राओं का नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर समय पर पंजीकरण, ऑनलाइन आवेदन और सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित विद्यालय की जवाबदेही तय की जाएगी.

फ्रेश और रिन्यूअल आवेदन करना होगा अनिवार्य

राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद के निर्देश के अनुसार वर्ष 2026-27 के लिए राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को एनएसपी पोर्टल पर फ्रेश रजिस्ट्रेशन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. वहीं वर्ष 2022, 2023, 2024 और 2025 की परीक्षा में सफल एवं पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति जारी रखने के लिए रिन्यूअल आवेदन करना अनिवार्य होगा. इसके बाद संबंधित विद्यालय के नोडल अधिकारी को सभी आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन करना होगा.

कई विद्यालयों में मिली लापरवाही

शिक्षा विभाग ने बताया है कि कई विद्यालयों में पात्र विद्यार्थियों का एनएसपी पर पंजीकरण नहीं कराया जा रहा है और फ्रेश तथा रिन्यूअल आवेदनों का समय पर ऑनलाइन सत्यापन भी नहीं किया जा रहा है. इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी प्रधानाध्यापकों को प्रतिदिन पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का सत्यापन करने और पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया है.

किसे करना होगा फ्रेश और किसे रिन्यूअल आवेदन

विभागीय निर्देश के अनुसार, 11 मार्च को आयोजित एनएमएमएसएस परीक्षा में सफल छात्र-छात्राएं, जो सत्र 2026-27 में कक्षा 9 में अध्ययनरत हैं, उन्हें एनएसपी पोर्टल पर फ्रेश रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन करना होगा. वहीं वर्ष 2025 में सफल विद्यार्थी कक्षा 10, वर्ष 2024 में सफल विद्यार्थी कक्षा 11 और वर्ष 2023 में सफल विद्यार्थी कक्षा 12 की छात्रवृत्ति के लिए रिन्यूअल आवेदन करेंगे.

31 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

शिक्षा विभाग के अनुसार एनएमएमएसएस छात्रवृत्ति के लिए एनएसपी पोर्टल 1 जून से खुल चुका है और 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. सभी विद्यालयों को प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन करने और शत-प्रतिशत वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को भी पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी कर विभागीय निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है.

Also Read : डीएम ने किया सारण पुस्तकालय का निरीक्षण, बेहतर संचालन और वित्तीय मजबूती के दिए निर्देश



विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन