चित्रकूट में NEET छात्रा से दरिंदगी, प्रेमी को गमछे से बांधकर बेल्ट से पीटा, जानिए रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना
सांकेतिक तस्वीर
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक NEET छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. वारदात से पहले आरोपियों ने छात्रा के प्रेमी को बेरहमी से पीटा और बंधक बना लिया.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. राजस्थान के कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा के साथ देवांगना घाटी के जंगलों में तीन अज्ञात युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले छात्रा के नाबालिग प्रेमी की बेल्ट से पिटाई की और उसके हाथ-पैर गमछे से बांध दिए.
चित्रकूट घूमने आई थी छात्रा
मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली छात्रा बुधवार को चित्रकूट घूमने आई थी. दोपहर करीब 1 बजे वह अपने 17 वर्षीय प्रेमी (जो चित्रकूट का ही निवासी है) के साथ जिला मुख्यालय से 12 किमी दूर देवांगना घाटी स्थित पहाड़ी पर बैठकर सोशल मीडिया रील बना रही थी. दोपहर लगभग 3 बजे तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर उन्हें धमकाने लगे. जब प्रेमी ने उनकी हरकत का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसकी बेल्ट से जमकर पिटाई की और हाथ-पैर बांधकर किनारे डाल दिया. इसके बाद तीनों आरोपी छात्रा को घसीटते हुए पास की झाड़ियों में ले गए और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दरिंदगी की.
प्रेमी ने पुलिस को दी सूचना
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. किसी तरह प्रेमी ने अपने हाथ-पैर खोले और झाड़ियों में जाकर बदहवास हालत में पड़ी छात्रा की मदद की. पहाड़ी पर नेटवर्क न होने के कारण वह नीचे उतरा और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी. शाम करीब 4:45 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जबकि उसके प्रेमी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. छात्रा के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस को सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध युवक बाइक से जाते दिखाई दिए है. शक के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है.
एसपी अरुण कुमार सिंह ने दी जानकारी
छात्रा ने पुलिस को दिए अपने बयान में गैंगरेप की बात कही है. बॉयफ्रेंड नाबालिग है, इसलिए उसका भी मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा. शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच की जा रही है. आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के CCTV और राहगीरों की मदद ली जा रही है. इस घटना की जांच के लिए दो टीमें बनाई गई हैं.
यह भी पढ़ें: लिव-इन पार्टनर ही निकला कातिल, बेटे और साथियों संग मिलकर 18 साल की युवती की हत्या
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए