गोपालगंज में जनता दरबार में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश

लोगों की समस्याओं को सुनते डीएम
गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ ने 'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत जनता दरबार लगाया. उन्होंने विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए. अभियान का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना है.
गोपालगंज: जिलाधिकारी समीर सौरभ ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में "सबका सम्मान, जीवन आसान" अभियान के तहत आयोजित जनता के दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं.
कई मामलों में अधिकारियों को फोन कर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना. कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर तत्काल संपर्क कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
भूमि विवाद, पेंशन, आवास और राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, अतिक्रमण, विद्युत, पेयजल एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं. जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
जनता और प्रशासन के बीच विश्वास मजबूत करना अभियान का उद्देश्य
जिलाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि "सबका सम्मान, जीवन आसान" अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











