गोपालगंज: कटेया में मुर्गियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 18 लाख की बीयर, 5 तस्कर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
खबर का फोटो  | Prabhat Khabar Network

खबर का फोटो

बिहार के कटेया में मुर्गियों से लदी पिकअप में छिपाकर ले जाई जा रही 18 लाख की बीयर बरामद। पुलिस ने पांच तस्करों को किया गिरफ्तार, जांच जारी।

विज्ञापन

Gopalganj News: कटेया पुलिस ने शराब तस्करी के एक नए हथकंडे का खुलासा करते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की. तेतरिया पुल के समीप वाहन जांच के दौरान मुर्गियों से लदी एक पिकअप से 1212.96 लीटर बीयर बरामद की गयी. बीयर को मुर्गियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने मौके से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. तस्करी में इस्तेमाल पिकअप के साथ लाइनर के रूप में चल रही एक स्कॉर्पियो को भी जब्त किया गया है. बरामद बीयर का बाजार मूल्य 18 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है.

मुर्गियों के नीचे छिपाकर रखी थी बीयर

पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को तेतरिया पुल के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मुर्गियों से लदी एक पिकअप को रोका. तलाशी लेने पर मुर्गियों के नीचे छिपाकर रखी गयी भारी मात्रा में बीयर बरामद हुई.

पुलिस की सतर्कता से तस्करों की यह तरकीब कामयाब नहीं हो सकी. वाहन की तलाशी के बाद बीयर की पूरी खेप बरामद कर ली गयी.

उत्तर प्रदेश से मोतिहारी जा रही थी खेप

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि बीयर की खेप उत्तर प्रदेश से बिहार के मोतिहारी ले जायी जा रही थी. पुलिस से बचने के लिए पिकअप पर ऊपर से मुर्गियां लाद दी गयी थीं और उनके नीचे बीयर की बोतलें छिपायी गयी थीं.

वहीं, पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने और आगे की सूचना देने के लिए एक स्कॉर्पियो को लाइनर वाहन के रूप में साथ चलाया जा रहा था. पुलिस ने लाइनर स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया.

पांच तस्कर गिरफ्तार

थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि कार्रवाई में 1212.96 लीटर बीयर बरामद की गयी है. मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोतिहारी जिले के कोटवा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी राजकिशोर कुमार, गड़वा खजुरिया गांव निवासी शेख आसिक, बेलवा माधव गांव निवासी सरफुद्दीन आलम, राजापुर गांव निवासी लड्डू यादव तथा मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के रजवाड़ा हलिमपुर गांव निवासी मो. नबी के रूप में हुई है.

सप्लायर और रिसीवर की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब बरामद बीयर के सप्लायर और रिसीवर के साथ-साथ तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन