गोपालगंज: बैकुंठपुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को ईवीएम-वीवीपैट और मतदान प्रक्रिया की जानकारी

मतदान प्रक्रिया और संविधान के प्रति जागरूकता की तस्वीर
बैकुंठपुर के योगेंद्र ऋषि कुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ. छात्रों को ईवीएम, वीवीपैट, मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गयी.
Gopalganj News: भारत निर्वाचन आयोग एवं बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड अंतर्गत योगेंद्र ऋषि कुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम 24 से 29 जुलाई तक राज्यभर में चलाये जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा था.
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान प्रक्रिया और संविधान के प्रति जागरूक करना था. विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश पासवान ने बताया कि छात्रों को भारतीय निर्वाचन आयोग की भूमिका, मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया, ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग तथा मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गयी.
छात्रों को मतदान प्रक्रिया का कराया गया डेमो
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को इलेक्ट्रोरल रजिस्ट्रेशन, पोलिंग प्रोसेस और काउंटिंग प्रोसेस का डेमो भी दिखाया गया. शिक्षकों ने मतदान प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए छात्रों के सवालों का जवाब दिया.
वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी और छद्म मतदान का आयोजन भी किया गया. शिक्षकों ने छात्रों को नैतिक एवं सूचित मतदान के लिए प्रेरित किया.
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद प्रत्येक युवा को अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाना चाहिए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदारी के साथ भाग लेना चाहिए.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. आयोजक मंडली के एएलएमटी शशि भूषण कुमार यादव और दिनेश प्रसाद ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से युवा मतदान प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझेंगे और भविष्य में जिम्मेदार मतदाता एवं नागरिक बनेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











