गोपालगंज के स्कूल में छात्र की पिटाई का वीडियो वायरल, डीईओ ने मांगा जवाब

Updated:
विज्ञापन
स्कूल में छात्र की पिटाई का वीडियो वायरल पर शिक्षा विभाग में हड़कंप

गोपालगंज के स्कूल में छात्र की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। आरोपी पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन

गोपालगंज: थावे प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय प्यारेपुर में पढ़ने वाले एक छात्र की कथित तौर पर बाहरी व्यक्ति द्वारा पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. मामला सामने आते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अमरेंद्र कुमार पांडेय ने इसे गंभीरता से लेते हुए दो अलग-अलग आदेश जारी किये हैं. एक ओर विद्यालय के प्रधानाध्यापक (एचएम) से स्पष्टीकरण मांगा गया है, वहीं दूसरी ओर थावे के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को 24 घंटे के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.

वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग हुआ सक्रिय

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक छात्र की कथित तौर पर किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा पिटाई किये जाने का दावा किया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा कि आखिर विद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्ति कैसे पहुंचा और छात्र के साथ मारपीट की घटना कैसे हुई.

शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच का आदेश दिया है. विभाग का मानना है कि इस तरह की घटना से विद्यालय की छवि प्रभावित होती है और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं.

प्रधानाध्यापक से मांगा घटना का पूरा ब्योरा

डीईओ ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से घटना का पूरा ब्योरा मांगा है. उनसे पूछा गया है कि घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई, उस समय उनकी क्या भूमिका थी और घटना के बाद विद्यालय प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाये गये.

इसके साथ ही विद्यालय में प्रवेश कर छात्र की पिटाई करने वाले कथित आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने और इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

24 घंटे में जांच रिपोर्ट देने का आदेश

मामले में थावे के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जांच करने का निर्देश दिया गया है. बीईओ को 24 घंटे के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपना होगा.

जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जायेगी. यदि विद्यालय स्तर पर सुरक्षा में चूक या किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है.

सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. अभिभावकों के बीच चिंता है कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति विद्यालय परिसर में प्रवेश कर छात्र के साथ मारपीट करता है, तो स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा रही है.

फिलहाल मामले की जांच जारी है. शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.

Also Read: वोटिंग से एक दिन पहले प्रशांत किशोर के खिलाफ FIR दर्ज, नीतीश कुमार के वीडियो को फर्जी बताना पड़ा भारी


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन