पेट में पहले मारी थीं तीन गोलियां रुक कर देखा, तब भागे अपराधी
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :08 Apr 2017 6:47 AM (IST)
विज्ञापन

दुस्साहस. हत्या के लिए तीन दिनों से कर रहे थे रेकी, घटना स्थल पर पुलिस को मिला कारतूस गुरुवार की रात में हुई फर्नीचर कारोबारी मुमताज अंसारी की हत्या के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को लोगों में दहशत का माहौल रहा. अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना […]
विज्ञापन
दुस्साहस. हत्या के लिए तीन दिनों से कर रहे थे रेकी, घटना स्थल पर पुलिस को मिला कारतूस
गुरुवार की रात में हुई फर्नीचर कारोबारी मुमताज अंसारी की हत्या के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को लोगों में दहशत का माहौल रहा. अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. घटना स्थल से मिले सुराग के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में जुटी है. हत्या से पहले अपराधियों ने फूल प्रूफ प्लानिंग तैयार की थी.
पंचदेवरी : फर्नीचर कारोबारी मुमताज अंसारी की हत्या के लिए अपराधी पिछले तीन दिनों से रेकी कर रहे थे. वारदात को अंजाम फूल प्रूफ प्लानिंग तैयार करने के बाद दिया गया था. अपराधियों को पहले से पता था कि मुमताज अंसारी अपनी दुकान बंद करने के बाद बाइक से इसी रास्ते से घर जायेंगे. दुकान से निकलते ही अपराधियों ने बाइक काे ओवरटेक किया, बाजार से कुछ ही दूरी पर गोलियां चलानी शुरू कर दी. मुमताज अंसारी को पेट में तीन गोलियां लगी हैं.
पोस्टमार्टम के दौरान एक गोली को बरामद किया गया है, जबकि दो अन्य गोलियां शरीर से आर-पार हो गयीं. पुलिस को घटना स्थल से गोली का खोखा मिला है. हत्या के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है. परिजनों के मुताबिक बाजार से निकलने के बाद मुमताज को करीब से गोली मारी गयी थी. जिसके कारण घटना स्थल पर ही गंभीर रूप से जख्मी हो गये. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों बाइक रोककर मुमताज को करीब से देखा, फिर लोगों को आते देख फायरिंग करते हुए भाग निकले. कुछ ही मिनटों में गश्त पर निकली पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी.
लेकिन, पुलिस ने अपराधियों का पीछा नहीं किया. परिजनों के मुताबिक पुलिस ने अगर अपराधियों का पीछा किया होता, तो हत्यारे आज जेल की सलाखों में होते. इधर, कटेया पुलिस का कहना है कि गोली लगने के बाद कारोबारी को बचाना पहली प्राथमिकता थी. पुलिस इसलिए अपराधियों का पीछा न करते हुए कारोबारी को अस्पताल पहुंचाने में जुट गयी. लेकिन, ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर ही पथराव कर चार पुलिसकर्मियों घायल कर दिया. घायल कारोबारी को अस्पताल लेकर जाने में विलंब हुआ.
गोरखपुर जाने के क्रम में फाजिलनगर के पास उसकी मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही परिजन और बाजार के कारोबारी आक्रोशित हो गये. हंगामा करते हुए पुलिस के विरोध में नारेबाजी करने लगे. इधर, पुलिस ने हथुआ अनुमंडल के सभी थानों को घटना स्थल पर बुला लिया.
पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति को शांत कराया गया गया. पुलिस ने घटना के दूसरे दिन समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं कर सकी थी. थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. वैसे पुलिस ने अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.
फर्नीचर कारोबारी का किसी से कोई विवाद नहीं था. परिजनों के अनुसार फर्नीचर की दुकान बाजार में बंद करने के बाद सीधे घर आते थे. इसके साथ ही अन्य कारोबार था, लेकिन किसी से विवाद नहीं था. इधर, हत्या के बाद मौके पर जांच के लिए पहुंची पुलिस अधिकारियों की टीम के समक्ष एक ही प्रश्न उठ रहा था कि किसी से जब कोई विवाद नहीं था तो हत्या क्यों की गयी. पुलिस भी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में उलझ गयी है. परिजनों की ओर से किसी तरह की जानकारी नहीं दी गयी है. कारोबारी के चार भाई हैं, लेकिन सभी बाहर रहते हैं.
कारोबारी की मोबाइल खोलेगा हत्याकांड का राज
हत्या के बाद पुलिस को घटना स्थल से कारोबारी का मोबाइल मिला है. परिजनों ने मोबाइल को अपने पास रखा है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस को मोबाइल सौंपा नहीं गया था.
हत्याकांड की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोबाइल से कई राज खुल सकते हैं. वारदात से पहले कारोबारी की किन-किन लोगों से बातचीत हुई थी, इसका भी खुलासा हो जायेगा. पुलिस फिलहाल टेक्निकल सेल की मदद से अपराधियों तक पहुंचने के लिए छानबीन करने में जुटी है. हालांकि मोबाइल के अलावा घटना स्थल से कई अन्य साबूत भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर जांच की जा रही है.
हत्याकांड के बाद जांच के लिए पहुंचे हथुआ एसडीपीओ मो इम्तियाज ने पुलिस अफसरों को कई निर्देश दिये. कटेया के थानाध्यक्ष धनंजय कुमार को कई बिंदुओं पर जांच कर कार्रवाई करने को कहा. इधर, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया है.
शुक्रवार को कई ठिकानों पर छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. हालांकि कार्रवाई के बाद पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है. सूत्रों के अनुसार हत्याकांड में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है. इन दोनों युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है. हालांकि थानाध्यक्ष ने युवकों को हिरासत में लेने की बात से इनकार किया है. कारोबारी की हत्या के बाद पंचदेवरी बाजार में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा. शुक्रवार की सुबह से ही बाजार की अधिकतर दुकानें बंद रहीं. बाजार के कारोबारियों ने अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है.
अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बाजार बंद रखने की चेतावनी दी है. कारोबारियों का कहना है कि बाजार के प्रमुख फर्नीचर व्यवसायी मुमताज अंसारी शांत एवं अच्छे स्वभाव के दुकानदार थे. दुकान चलाने के अलावा किसी से कोई लेना-देना नहीं था. पुलिस ने कारोबारियों से दुकानें खोलने के लिए अपील की है. कारोबारियों की पूरी सुरक्षा के साथ अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने का आश्वासन पुलिस ने दिया है.
पंचदेवरी . फर्नीचर कारोबारी मुमताज की हत्या की खबर पर कुचायकोट के जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय पंचदेवरी पहुंचे अौर नेहरूआ गांव में पीड़ित परिजनों को ढाढ़स बंधाया. विधायक को देखते ही परिवार के लोग फफक पड़े. विधायक ने कहा कि न्याय के लिए हम लड़ेंगे. अपराधियों को सजा दिलायेंगे. पुलिस पूरे मामले में तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है. एसपी से बात कर इस हत्याकांड में स्पीडी ट्रायल चला कर हत्यारों को सजा दिलायेंगे. उनके साथ अनुग्रह नारायण दुबे, अनवर हुसैन, महफूज अंसारी, अजय मिश्रा, अनिल तिवारी समेत अन्य थे.
पंचदेवरी : फर्नीचर कारोबारी मुमताज अंसारी की हत्या के बाद दूसरे दिन शुक्रवार की देर शाम तक जनाजा नहीं निकला था. घर पर भाइयों के आने का इंतजार हो रहा था. मृतक के भाई आस महम्मद, साबिर अंसारी, रेयाजूल अंसारी को घटना की सूचना दी गयी. सूचना मिलने के बाद घर के लिए सभी रवाना हो गये हैं. परिजनों का कहना है कि भाइयों के आने के बाद मुमताज काे सुपुर्द-ए-खाक किया जायेगा.
इधर, जनाजा में शामिल होने के लिए आसपास के कई गांव से ग्रामीण और सगे-संबंधी पहुंचे हुए थे. हत्या के बाद शव का सुपुर्द-ए-खाक नहीं होने पर कई थानों की पुलिस कैंप की हुई थी. गुरुवार की रात में हत्या की खबर पर हथुआ एसडीपीओ मो इम्तियाज, मुख्यालय डीएसपी विभाष कुमार, कटेया थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, भोरे थानाध्यक्ष गौतम कुमार, विजयीपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार, हथुआ इंस्पेक्टर विमल कुमार, उचकागांव थानाध्यक्ष, फुलवरिया थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल पहुंच कर कैंप किये हुए थे.
मुमताज की हत्या के बाद नजमा की दुनिया उजड़ गयी. हत्या के बाद परिजनों का रो-रोक कर बुरा हाल हो गया है. आसपास के लोग और रिश्तेदार पीड़ित परिवार को सांत्वना देते रहे. मुमताज की पत्नी नगमा बच्चों की परवरिश को लेकर चिंतित है. मेडिकल की पढ़ाई बच्चों को कराने का सपना संजोये मुमताज की हत्या से पूरा परिवार बिखर गया है.
अब कैसे होगी चार बेटियों की शादी : मुमताज की हत्या के बाद चार बेटियों की शादी कैसे होगी. कारोबारी की चार बेटियों के अलावा दो बेटे हैं. दोनों बेटे मेहंदी अंसारी व रबे आलम बाहर रह कर पढ़ाई करते हैं. वहीं इनकी बेटियां अफसारी खातून, अफसाना खातून, सरवरी खातून व अफरीना खातून भी पढ़ाई कर रही हैं.
बेटियों की पढ़ाई पूरी कराने के बाद अच्छे घर में शादी करने का सपना मुमताज ने संजोया था. हत्या के बाद बच्चियों की शिक्षा-दीक्षा को लेकर परिवार चिंतित है. मुमताज अंसारी का फर्नीचर कारोबार के साथ-साथ मुरगी पालन व पॉल्ट्री फार्म का भी व्यवसाय था. पंचदेवरी बाजार में दो मकानों के किराये पर देने के बाद मुरगी और पॉल्ट्री फार्म का काम करते थे. पिछले कुछ महीनों से तेजी से इनका कारोबार बढ़ा था. पुलिस मुमताज के कारोबार से जोड़कर भी घटना की जांच कर रही है.
घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल से मिली छुट्टी : पथराव में घायल पुलिस कर्मियों को कटेया रेफरल अस्पताल में भरती कराया गया था, जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने पुलिसकर्मियों को खतरे से बाहर बताते हुए छुट्टी दे दी. कटेया थाने के एएसआइ साबिर अली को सिर में गंभीर चोट लगी थी. वहीं सिपाही सुमंत कुमार व चौकीदार विनय कुमार को पैर में मामूली चोट थी.थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों को अस्पताल से छुट्टी मिल गयी है. हत्या के बाद ग्रामीणों द्वारा किये गये पथराव में ये सभी पुलिसकर्मी घायल हुए थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




