गोपालगंज: कटेया में तालाब में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

बिहार के कटेया में तालाब में नहाने गए 19 वर्षीय युवक फैशल की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। गांव में शोक का माहौल है। पूरी घटना की विस्तृत जानकारी यहाँ पढ़ें।
Gopalganj News: कटेया प्रखंड के सिधवनिया गांव में शुक्रवार को तालाब में स्नान करने गए 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान सिधवनिया गांव निवासी शेख गयासुद्दीन के पुत्र फैशल के रूप में हुई है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.
स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया युवक
जानकारी के अनुसार, फैशल शुक्रवार को अपने कुछ साथियों के साथ सिधवनिया मदरसा के समीप स्थित तालाब में स्नान करने गया था. स्नान करने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. साथ मौजूद एक साथी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद साथियों ने तत्काल गांव में घटना की जानकारी दी.
दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने निकाला शव
युवक के तालाब में डूबने की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. गांव के युवकों ने तालाब में उतरकर फैशल की तलाश शुरू कर दी. इसी बीच पुलिस को भी घटना की सूचना दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ टीम को सूचना दी.
हालांकि, करीब दो घंटे तक चले प्रयास के बाद स्थानीय युवकों ने ही फैशल के शव को तालाब से बाहर निकाल लिया.
पिता और बड़ा भाई खाड़ी देश में करते हैं मजदूरी
बताया जाता है कि फैशल दो भाइयों में छोटा था. उसके पिता और बड़ा भाई खाड़ी देश में रहकर मजदूरी करते हैं. घटना के समय उसकी मां अपनी बेटी के साथ मायके गयी हुई थी. हादसे की सूचना मिलने के बाद मां गांव पहुंची और बेटे का शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगी. उसकी चीख-पुकार से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयीं.
पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हुए परिजन
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हुए और शव पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया. समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










