बस स्टैंड में अधिवक्ता को मारी गोली

Updated at : 07 Sep 2018 5:53 AM (IST)
विज्ञापन
बस स्टैंड में अधिवक्ता को मारी गोली

गोपालगंज : सिविल कोर्ट के अधिवक्ता व पुरानी चौक के निवासी सुमन बरनवाल को अपराधियों ने बुधवार की रात गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. वारदात नगर […]

विज्ञापन

गोपालगंज : सिविल कोर्ट के अधिवक्ता व पुरानी चौक के निवासी सुमन बरनवाल को अपराधियों ने बुधवार की रात गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. वारदात नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र बस स्टैंड में हुई. उस वक्त अधिवक्ता बनारस जाने के लिए बस पकड़ने जा रहे थे. घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है.

गोली मारनेवाले अपराधियों की पहचान भी नहीं हो सकी है. उधर, पुलिस ने अधिवक्ता को गोली लगने की बात से इन्कार किया है. पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन नहीं मिला है. घायल अधिवक्ता का बयान भी दर्ज नहीं हो सका है. जब तक अधिवक्ता का बयान दर्ज नहीं हो जाता, स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी.

परिजनों ने बताया कि घर से जाने के दौरान बस स्टैंड में कुछ लोगों ने घेर लिया और जानलेवा हमला कर दिया. अधिवक्ता के सिर पर पिछले भाग में अधिक चोट लगी है. घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है. बहरहाल घटना को लेकर शहर में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. परिजनों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने अपराधियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है. समाचार लिखे जाने तक घटना में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी और न ही मामले में प्राथमिकी दर्ज हो सकी थी.

अपाची से पहुंचे थे दोनों अपराधी, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज : वारदात के वक्त मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि दोनों अपराधी अपाची बाइक से पहुंचे थे. पुलिस जब घटना स्थल पर पहुंची तो लोगों ने कहा कि दोनों बाइक से अधिवक्ता के करीब आते ही गोली चलानी शुरू कर दी. उस वक्त अधिवक्ता बनारस जाने के लिए बस पर चढ़ने जा रहे थे. गोली चलने के बाद सुमन बरनवाल सिर के बल सड़क पर गिर गये. उधर, अपराधी उन्हें मरा समझ कर भाग निकले. भागने के दौरान आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों में तस्वीरें कैद होने की बात बतायी जा रही हैं. बहरहाल पुलिस ने सीसीटीवी को खंगालना शुरू कर दिया है. पुलिस को सीसीटीवी से सुराग मिल सकते हैं, जिससे अपराधी की पहचान कर आसानी से उसकी गिरफ्तारी हो सकती है.
बंद होने लगीं दुकानें, भागने लगे लोग : बस स्टैंड में गोली चलने की आवाज जैसे ही सुनाई दी, लोग इधर-उधर भागने लगे. बस स्टैंड की दुकानें बंद होने लगीं. हालांकि आंबेडकर चौक पर मौजूद पुलिस का गश्ती दल पहुंच चुका था. आसपास के लोगों के सहयोग से रिक्शा से घायल अधिवक्ता को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. नगर इंस्पेक्टर रवि कुमार भी मौके पर पहुंच गये. पुलिस ने घटना स्थल पर जांच की, कहीं से कोई गोली बरामद नहीं हुई. कुछ लोगों ने बम चलने की अफवाह भी उड़ा दी, जिससे पुलिस परेशान रही.
पुलिस ने गोली लगने से किया इन्कार, वारदात के बाद आरोपित फरार
डॉक्टरों ने कहा, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हालत थी नाजुक
कब-कब हुआ अधिवक्ता पर हमला
27 जनवरी, 2011 : कोर्ट में कैदी भुटंडी नट ने वकील प्रेमचंद प्रसाद पर जानलेवा हमला किया.
31 मई, 2015 : एपीपी व अधिवक्ता त्रिपुरारी शरण शर्मा की आवास पर गोली मारकर हत्या.
17 जुलाई, 2016 : उचकागांव थाने के सलेमपट्टी में अधिवक्ता इरशाद अली पर हमला हुआ.
24 मई, 2017 : कटेया के जैसवली में अधिवक्ता रामनरेश चौबे और इनके पुत्र पर हमला हुआ.
4 जून, 2018 : नगर थाना क्षेत्र के पुरानी चौक में अधिवक्ता शंभु दत्त के साथ मारपीट की गयी.
23 फरवरी, 2018 : कोर्ट में पैरवी करने के बाद अधिवक्ता अजय कुमार ओझा पर हमला हुआ.
अधिवक्ता का दर्ज नहीं हो सका बयान
घायल अधिवक्ता की हालत देखकर पुलिस फर्द बयान नहीं दर्ज कर सकी. पुलिस का कहना था कि अधिवक्ता जख्मी हालत में थे. उनकी स्थिति बोलने लायक नहीं है. डॉक्टर द्वारा भी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था, इसलिए बयान नहीं लिया गया. अब वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की टीम मेडिकल कॉलेज जाकर घायल अधिवक्ता का बयान दर्ज करेगी.
घायल से मिले राजद जिलाध्यक्ष
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक सह राजद के जिलाध्यक्ष रेयाजूल हक राजू सदर अस्पताल में पहुंच गये. घायल अधिवक्ता की स्थिति जानने के बाद पुलिस अधिकारियों से मामले में अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बात की. जिलाध्यक्ष ने कहा कि अपराधी बेखौफ हो गये हैं. प्रशासन से दोषियों की पहचान कर अविलंब कार्रवाई करने की मांग की.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन