पूजा के मौके पर नहीं मिल रहा है कन्फर्म टिकट

Published at :07 Sep 2017 4:50 AM (IST)
विज्ञापन
पूजा के मौके पर नहीं मिल रहा है कन्फर्म टिकट

दिल्ली, सूरत, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु व अमृतसर से आनेवाली ट्रेनों में टिकट के लिए मारामारी गोपालगंज : जिले के सैकड़ों परिवार दिल्ली, सूरत, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु व अमृतसर सहित अन्य बड़े शहरों में काम करते हैं. ये परिवार दशहरा, दीपावली व छठ पूजा पर अपने गांव-घर आते हैं. इस समय आरक्षित टिकट नहीं मिल रहा […]

विज्ञापन

दिल्ली, सूरत, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु व अमृतसर से आनेवाली ट्रेनों में टिकट के लिए मारामारी

गोपालगंज : जिले के सैकड़ों परिवार दिल्ली, सूरत, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु व अमृतसर सहित अन्य बड़े शहरों में काम करते हैं. ये परिवार दशहरा, दीपावली व छठ पूजा पर अपने गांव-घर आते हैं. इस समय आरक्षित टिकट नहीं मिल रहा है. जिले के लोग बड़े शहरों से चल कर सीवान, छपरा या गोरखपुर आते हैं और वहां से बस पकड़ कर जिले में पहुंचते हैं. अभी से ही दिल्ली, सूरत, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु व अमृतसर सहित अन्य बड़े शहरों से सीवान, छपरा व गोरखपुर के लिए चलनेवाली एक्सप्रेस व सुपर फास्ट ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है. सभी ट्रेनों में वेटिंग बता रहा है
और कई ट्रेनों में तो दीपावली व छठ पूजा के समय वेटिंग काफी अधिक है या नो रूम है. कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी है. लोगों ने अब दिल्ली से बस की यात्रा करने का मन बना लिया है. इसके लिए लोग ट्रैवल्स एजेंसी की वेबसाइट पर जाकर टिकट की बुकिंग कर रहे हैं. पूजा कार्यक्रमों के बाद लौटने के लिए भी ट्रेनों में कन्फर्म टिकट की मारामारी है.
सुपर फास्ट ट्रेनों में तो 27 अक्तूबर से लेकर 10 नवंबर तक नो रूम या काफी अधिक वेटिंग लिस्ट बता रहा है. वहीं, एक्सप्रेस ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट का अंक अधिक है. चार माह पहले से ही टिकट बना चुके लोग तो टेंशन में नहीं हैं, लेकिन वर्तमान समय में जो लोग टिकट बनाना चाह रहे हैं उन्हें परेशानी है. ऐसे लोग रेलवे स्टेशनों के आरक्षण काउंटरों व इंटरनेट बुकिंग की दुकानों का चक्कर काट रहे हैं. लेकिन, कहीं भी इन्हें कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है.
गोपालगंज . जिले के रेलयात्रियों के लिए एक्सप्रेस ट्रेनों में सीट बुक कराने के लिए ओपनिंग व तत्काल टिकट बनाना काफी मुश्किल साबित हो रहा है. जिले के विभिन्न स्टेशनों पर स्थापित आरक्षित टिकट काउंटर का लिंक फेल रहने यह परेशानी है. हर दिन सुबह में ही पीआरएस काउंटर का लिंक बाधित हो जा रहा है.
गोपालगंज रेलवे स्टेशन के पीआरएस काउंटर पर यह समस्या पिछले आठ दिनों से है. यहां पिछले बुधवार से ही प्रतिदिन सुबह में आठ बजे से करीब 11 बजे तक लिंक फेल की समस्या सामने आ रही है. ऐसे में यात्रियों को ओपनिंग व तत्काल टिकट नहीं बन पा रहा है. कई यात्री अहले सुबह ही पीआरएस काउंटर पर खिड़की खुलने का इंतजार कर रहे हैं. जब खिड़की खुलती है, तो पता चलता है कि लिंक फेल है. मालूम हो कि सुबह आठ बजे ओपनिंग, 10 बजे एसी तत्काल और 11 बजे स्लीपर तत्काल का टिकट बनता है.
रेलवे की इंटरनेट सेवा से नहीं जुड़ पाया है काउंटर
थावे-छपरा रेलखंड पर बड़ी लाइन की ट्रेनों का परिचालन तो शुरू हो गया, लेकिन स्टेशन पर बने पीआरएस काउंटरों को रेलवे की इंटरनेट सेवा से नहीं जोड़ा जा सका है. गोपालगंज, रतनसराय, दिघवादुबौली व सिधवलिया में बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा उपलब्ध है. रेलवे की इंटरनेट सेवा उपलब्ध नहीं रहने से स्पीड कम मिलता है और इससे तत्काल टिकट बनाने में परेशानी होती है. वहीं, बीएसएनएल की सेवा बार-बार बाधित रहने से भी लिंक फेल होता है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन