रामगढ़ में बड़ी लूट: पिस्टल तानकर लूटे 1 करोड़ से अधिक के आभूषण, भाग रहे दो अपराधियों को पब्लिक ने पकड़ा
Published by : Sameer Oraon Updated At : 21 Apr 2026 9:19 PM
घटनास्थल पर जुटी भीड़
Ramgarh Crime News: रामगढ़ जिले के चितरपुर रजरप्पा मोड़ पर मंगलवार को हथियारबंद अपराधियों ने भारी डकैती की घटना को अंजाम दिया. 'शिव शंकर ज्वेलर्स' को निशाना बनाकर अपराधियों ने करीब एक करोड़ रुपये के जेवर और नगदी लूट ली. हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता और साहस की वजह से भाग रहे दो अपराधी पकड़े गए, जिनकी भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी. पढ़ें, कैसे अपराधियों ने तीन दुकानों में रेकी करने के बाद इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया.
Ramgarh Crime News, रामगढ़ (सुरेंद्र कुमार/शंकर पोद्दार): रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर रजरप्पा मोड़ पर मंगलवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया. बाइक सवार अपराधियों ने ‘शिव शंकर ज्वेलर्स’ नामक दुकान को निशाना बनाकर करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट ली. दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
रेकी के बाद शिव शंकर ज्वेलर्स को बनाया निशाना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे पांच से छह की संख्या में अपराधी रजरप्पा मोड़ पहुंचे. अपराधियों ने पहले ‘उत्तम ज्वेलर्स’ और फिर ‘शिवनारायण ज्वेलर्स’ में ग्राहक बनकर प्रवेश किया और आभूषण दिखाने को कहा, लेकिन दुकानदारों की सतर्कता के कारण वे वहां सफल नहीं हो सके. इसके बाद अपराधियों ने ‘शिव शंकर ज्वेलर्स’ में प्रवेश किया. दुकान में घुसते ही उन्होंने व्यवसायी विष्णु वर्मा से सोने की चेन दिखाने की मांग की और अचानक उन पर पिस्टल तान दी. जान से मारने की धमकी देकर अपराधियों ने चंद मिनटों में ही दुकान में रखे कीमती गहने और गल्ले में रखी नगदी समेट ली.
ग्रामीणों का साहस: भाग रहे दो डकैतों को दबोचा
अपराधी जब लूट का सामान लेकर भागने लगे, तभी व्यवसायी के भाई विवेक वर्मा ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और आसपास के लोगों को एकत्रित कर लिया. उन्होंने दुकान की ग्रिल बंद करने का प्रयास किया, जिससे अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई. जहां तीन से चार अपराधी लूट का बड़ा हिस्सा लेकर भागने में सफल रहे, वहीं ग्रामीणों ने दो अपराधियों को मौके पर ही दबोच लिया. आक्रोशित भीड़ ने पकड़े गए अपराधियों की जमकर धुनाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस की कार्रवाई और एसपी की दबिश
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल अपराधियों को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया. पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से सघन पूछताछ की जा रही है और उनके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के सभी सीमाओं को सील कर छापेमारी तेज कर दी गई है.
व्यापारियों ने सुरक्षा की मांग दोहराई
इस बड़ी डकैती के बाद स्थानीय व्यवसायियों ने रजरप्पा मोड़ और चितरपुर बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. व्यापारियों का कहना है कि व्यस्त बाजार में इस तरह की घटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. एसपी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और लूटे गए आभूषण बरामद किए जाएंगे.
Also Read: गढ़वा: डीसी ने किया समाहरणालय के अलग-अलग कार्यालयों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










