पतरातू के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक सिहान प्रमोद पाठक को महागुरु मार्शल आर्ट अवार्ड-2026, विश्व रिकॉर्ड से बढ़ाया देश का मान
मार्शल आर्ट प्रशिक्षक सिहान प्रमोद कुमार पाठक | Prabhat Khabar Network
अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट प्रशिक्षक प्रमोद पाठक को महागुरु मार्शल आर्ट अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। जानिए उनकी उपलब्धियों और मार्शल आर्ट में योगदान के बारे में।
पतरातू. एचआरके खेलो भारत फाउंडेशन सह मार्शल आर्ट्स फेडरेशन, दिल्ली की ओर से पतरातू प्रखंड के रसदा निवासी एवं अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट प्रशिक्षक सिहान प्रमोद कुमार पाठक को महागुरु मार्शल आर्ट अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान मार्शल आर्ट के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान और इस खेल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया है.
आपके शहर में
देश के विभिन्न हिस्सों से बधाई
सम्मान मिलने के बाद खेल जगत, उनके शिक्षकों, प्रशिक्षकों और हजारों विद्यार्थियों में खुशी की लहर है. देश के विभिन्न हिस्सों से उन्हें बधाई दी जा रही है. प्रमोद पाठक मॉडर्न मार्शल आर्ट्स कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया के मुख्य परीक्षक एवं प्रशिक्षक तथा इंडियन कराटे एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं. वह कराटे फेडरेशन इंडिया से भी जुड़े हैं, जिसके मुख्य प्रशिक्षक हैदराबाद के सिहान गणेश गाड़ियाराम हैं. प्रमोद पाठक ब्लैक बेल्ट छठी डॉन की उपाधि प्राप्त प्रशिक्षक हैं.
बड़ी संख्या में बच्चे ले रहे है प्रशिक्षण
उन्होंने रसदा में जरूरतमंद बच्चों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त मार्शल आर्ट्स एवं कराटे प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया है. यहां बड़ी संख्या में बच्चे नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं. केंद्र में मुख्य प्रशिक्षक सेंसेई विकास पाठक ब्लैक बेल्ट पांचवीं डॉन हैं. वहीं महिलाओं और छात्राओं के प्रशिक्षण के लिए सुमित्रा पाठक ब्लैक बेल्ट तृतीय डॉन प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं. सुमित्रा स्वयं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की पदक विजेता हैं.
कई उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज
संस्था में बच्चों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ ओलंपिक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जाता है. प्रमोद पाठक के नाम मार्शल आर्ट के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज हैं. उनके द्वारा दो ट्रकों को विपरीत दिशाओं में चलते हुए अपनी बाजुओं से रोकने का विश्व रिकॉर्ड बनाया गया है. इसके अलावा शरीर के विभिन्न संवेदनशील अंगों पर 23 सेकेंड में 25 हॉकी स्टिक तुड़वाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़-रांची फोरलेन के चुटुपालू घाटी में 12 घंटे में 3 हादसे, डीएसपी के रिश्तेदार की मौत, 5 घायल
सैकड़ों विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर पदक
उनकी उपलब्धियों को जीटीवी के 'शाबाश इंडिया' सहित विभिन्न टेलीविजन कार्यक्रमों में प्रदर्शित किया जा चुका है. प्रमोद पाठक ने राष्ट्रीय स्तर पर 55 से अधिक पदक हासिल किए हैं. वहीं, उनके प्रशिक्षित कई खिलाड़ी विदेशों में जाकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश और अपने गुरु का नाम रोशन कर रहे हैं. प्रत्येक वर्ष उनके सैकड़ों विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करते हैं.
यूट्यूब की ओर से सिल्वर प्ले बटन
अपनी उपलब्धियों के लिए प्रमोद पाठक को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है. उन्हें यूट्यूब की ओर से सिल्वर प्ले बटन भी मिल चुका है. प्रमोद पाठक आज भी प्रतिदिन करीब पांच घंटे मार्शल आर्ट का कठिन अभ्यास करते हैं. उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मेहनत सफलता की कुंजी है. उनका प्रयास है कि अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को मार्शल आर्ट से जोड़कर उन्हें आत्मरक्षा के साथ अनुशासन और बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए