गया जी : खेत में काम कर रहे युवक की करंट लगने से मौत, जर्जर बिजली तार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
अस्पताल में पुलिस को मामले की जानकारी देते परिजन | Prabhat Khabar Network
Gaya Electric Shock Death : गया जी के भंगोसा गांव में जर्जर बिजली के तार टूटकर गिरने से खेत में काम कर रहे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से ग्रामीणों में भारी रोष है, जो लंबे समय से बिजली विभाग से तारों को ठीक करने की मांग कर रहे हैं.
Gaya Electric Shock Death : गया जी के केनार फतेहपुर पंचायत के भंगोसा गांव में सोमवार की अहले सुबह खेत में कृषि कार्य कर रहे एक युवक की बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई. मृतक की पहचान भंगोसा निवासी रणधीर कुमार के रूप में हुई है.
घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों के अनुसार, रणधीर कुमार सुबह अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया.
करंट की चपेट में आने के बाद वह खेत में ही छटपटाने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल ट्रांसफार्मर से बिजली की आपूर्ति बंद कराई और रणधीर को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार की स्थिति और अस्पताल में भीड़
मृतक के भाई ने बताया कि रणधीर के परिवार में तीन पुत्रियां हैं. हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक और पारिवारिक संकट खड़ा हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल और मृतक के घर पर जुट गई.
पूर्व की घटनाएं और जर्जर तारों की समस्या
ग्रामीण बीरबल प्रसाद, चंदन मौर्या, संतोष कुमार, मनीष कुमार, शिवम कुमार, राजकिशोर कुमार, सुखदेव कुमार और हीरालाल ने बताया कि गांव में बिजली के जर्जर तारों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. पिछले वर्ष दरोगी महतो के पुत्र कृष्ण कुमार भी बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए थे. लंबे इलाज के बाद उनकी जान बच सकी.
Also Read : खाना नहीं मिलने पर 75 वर्षीय पति ने पत्नी की चाकू से हत्या की, थाने पहुंचकर बोला-मुझे फांसी दीजिए
ग्रामीणों का कहना है कि बधार में कई जगह 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन करीब दस फीट की ऊंचाई पर झूल रही है. पिछले वर्ष करंट की चपेट में आने से एक नीलगाय की भी मौत हो गई थी. वहीं करीब पांच वर्ष पूर्व नरेश प्रसाद के पुत्र अनुज कुमार की भी खेत में गिरे बिजली तार की चपेट में आने से मौत हुई थी.
ग्रामीणों का आक्रोश और पुलिसिया कार्रवाई
लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद बिजली विभाग द्वारा जर्जर तारों को दुरुस्त नहीं किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल जर्जर तारों को बदलने और झूलते तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर करने की मांग की है.
Also Read : PHOTOS : सिलाव के खाजा से गिरियक के राजभोग तक, पांच तस्वीरों में जानिए नालंदा की 5 मशहूर मिठाइयों की खासियत
इस मामले में पीड़ित के पिता ने वजीरगंज थाना में आवेदन देते हुए न्याय की गुहार लगाई है. जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु मगध मेडिकल कॉलेज गया भेज दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










