छेड़खानी के विरोध में हिंसा, दंपती पर चाकू से हमला, घर में आगजनी

Published by :Roshan Kumar
Published at :07 May 2026 6:21 PM (IST)
विज्ञापन
छेड़खानी के विरोध में हिंसा, दंपती पर चाकू से हमला, घर में आगजनी

मोहनपुर के केनारी गांव में बवाल, प्राथमिकी दर्ज

विज्ञापन

मोहनपुर के केनारी गांव में बवाल, प्राथमिकी दर्ज

मोहनपुर थाना में सास ने आगजनी की दी शिकायत

घर में आग लगाने का आरोप, दो लाख की संपत्ति जलकर राख

प्रतिनिधि, मोहनपुर. मोहनपुर थाना क्षेत्र की टेसवार पंचायत के केनारी गांव में कथित छेड़खानी के विरोध के बाद हिंसा, चाकूबाजी और आगजनी का मामला सामने आया है. घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गये हैं, जिनका इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. इस मामले को लेकर दो अलग-अलग थानों में शिकायत दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घायल अमिता कुमारी ने मगध मेडिकल थाना में दिये फर्द बयान में गांव के सोनू कुमार, पिंटू उर्फ रिंकू प्रसाद समेत अन्य लोगों पर मारपीट व चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है. अमिता के अनुसार, 25 अप्रैल को वह घर के बाहर बने स्नानघर में स्नान कर रही थी. उसी दौरान सोनू कुमार ने कथित अश्लील हरकत व अभद्र इशारे किये. शोर मचाने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हो गया, लेकिन गांव में तनाव बना रहा. पीड़िता ने बताया कि 27 अप्रैल को वह घर के पास मवेशियों को पानी देने गयी थी. इसी दौरान आरोपित पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर ईंट और लाठी से हमला किया गया. बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पति रमेश कुमार पर चाकू से हमला कर दिया गया. इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. ग्रामीणों की मदद से पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर दोनों को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया.

इधर, घायल रमेश कुमार की मां कलिया देवी ने मोहनपुर थाने में अलग आवेदन देकर आरोप लगाया है कि इसी विवाद की रंजिश में मंगलवार रात उनके घर में तेल छिड़ककर आग लगा दी गयी. उस समय परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में गये थे. आरोप है कि घर से निकलने से पहले बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया था.

घर का काफी सामान जला

ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घर का काफी सामान जल चुका था. कलिया देवी के अनुसार, आगजनी में एसी, टीवी, फर्नीचर, पंखा, लकड़ी का सोफा, बॉक्स, जेवरात, घरेलू सामान और जमीन व बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात नष्ट हो गये. उन्होंने करीब दो लाख रुपये की क्षति होने का दावा किया है. परिवार का कहना है कि इससे पहले भी उनकी मोटरसाइकिल जलायी जा चुकी है और विवाद से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है. अपर थानाध्यक्ष उमा प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.

विज्ञापन
Roshan Kumar

लेखक के बारे में

By Roshan Kumar

Roshan Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन