गया के शहीद सूबेदार संतोष कुमार को तिरंगे से नमन, परैया में उठी रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मांग
स्वतंत्रता दिवस पर अमोखर में शहीद सूबेदार संतोष कुमार के स्मारक पर ध्वजारोहण किया गया। ग्रामीणों ने रेलवे स्टेशन का नाम शहीद के नाम पर रखने की मांग की है।
Gaya News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परैया प्रखंड के अमोखर स्थित शहीद सूबेदार संतोष कुमार के स्मारक स्थल और स्वतंत्रता सेनानी दिवंगत डॉ. रामानंद त्रिशंकु द्वार पर ध्वजारोहण किया गया. इस दौरान लोगों ने शहीद सूबेदार संतोष कुमार और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.
शहीद स्मारक पर फहराया तिरंगा
अमर शहीद सूबेदार संतोष कुमार के स्मारक स्थल पर सेवानिवृत्त शिक्षक गनौरी प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. वहीं स्वतंत्रता सेनानी दिवंगत डॉ. रामानंद त्रिशंकु द्वार पर ऑल इंडिया दांगी क्षत्रिय संघ बिहार प्रदेश के अध्यक्ष विजय प्रसाद दांगी ने तिरंगा फहराकर सलामी दी.
देश सेवा में शहीद हुए थे संतोष कुमार
बताया गया कि विगत वर्ष देश की सेवा करते हुए सूबेदार संतोष कुमार शहीद हो गए थे. उनकी प्रतिमा का अनावरण तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया था. स्वतंत्रता दिवस पर उनके स्मारक स्थल पर ध्वजारोहण के दौरान लोगों ने शहीद के बलिदान को याद किया.
रेलवे स्टेशन का नाम शहीद के नाम पर करने की मांग
ध्वजारोहण के बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने सरकार से परैया रेलवे स्टेशन का नाम शहीद सूबेदार संतोष कुमार के नाम पर करने की मांग की. साथ ही अमोखर गांव में उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग भी उठाई गई. वक्ताओं ने कहा कि शहीद की स्मृति को स्थायी रूप से सम्मान देने के लिए इन मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए.
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में शहीद सूबेदार संतोष कुमार की धर्मपत्नी कनकलता, प्रो. धनंजय कुमार, सत्येंद्र प्रसाद, सेवानिवृत्त शिक्षक अगस्त ऋषि, अरुण कुमार, अशोक कुमार, बसंत नारायण, सच्चिदानंद सिंह दांगी, सुरेंद्र कुमार दांगी, मुन्नी पासवान, उदय पासवान, पंकज ठाकुर और राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










